निर्माण कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर ने अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
बरसात से पहले सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश, धीमी प्रगति वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के संकेत
कोरबा ACGN: जिले में चल रहे सड़क, पुल-पुलिया और शासकीय भवन निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा कराने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और सेतु विभाग के अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में स्वीकृत और निर्माणाधीन विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी प्रमुख निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए विभागीय अधिकारी और ठेकेदार पूरी गंभीरता से काम करें।

बैठक में कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किया जाए। यदि इसके बाद भी कार्य में रुचि नहीं दिखाई जाती है तो ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि निर्माण स्थलों पर समानांतर कार्य कराए जाएं, पर्याप्त मशीनरी और मैनपॉवर लगाई जाए ताकि कार्यों की गति तेज हो सके।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के क्षेत्रों में चल रहे सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पीवीटीजी बस्तियों तक सड़क संपर्क मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए इन क्षेत्रों में निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लेमरू-देवपहरी, मदनपुर-मांझीपारा, कोडार-मांझीपारा तथा मेनरोड-जुनापारा सहित जिले में चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण स्थलों पर कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही डीएमएफ और ग्राम गौरव पथ के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे विद्यालय भवन, नवीन स्वास्थ्य केंद्र और अन्य शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन चिर्रा-श्यांग मार्ग पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने तथा कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिन परियोजनाओं में भूमि विवाद जैसी समस्याएं आ रही हैं, उनका समाधान संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र करने को कहा गया।
बैठक में शहर के सुनालिया मार्ग में प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य की भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने सेतु विभाग को निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर इस कार्य को जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और सब इंजीनियर नियमित रूप से फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की निगरानी करें और गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
निर्माण कोरबा पोर्टल में दर्ज होगी सभी परियोजनाओं की जानकारी
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जिले में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए “निर्माण कोरबा” पोर्टल तैयार किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी, फोटो सहित दर्ज की जाएगी। उन्होंने सभी निर्माण विभागों को निर्देश दिया कि माह के अंत तक अपने-अपने विभाग के सभी कार्यों की जानकारी पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज करें ताकि निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का सही आकलन हो सके।
बैठक में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग सहित लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और सेतु विभाग के कार्यपालन अभियंता तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






