उठाईगिरी के मामले में जीपीएम पुलिस को बड़ी सफलता, 12 लाख 64 हजार के सोना-चांदी के आभूषण बरामद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
24 घंटे के भीतर एक महिला आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम रवाना
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ACGN: जिले में उठाईगिरी के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पेंड्रा थाना क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार से चोरी हुए सोना-चांदी के आभूषणों की बरामदगी करते हुए पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बरामद किए गए सोना-चांदी की कुल कीमत लगभग 12 लाख 64 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी विनय कुमार सोनी, निवासी हनुमान मंदिर के पास पेंड्रा ने थाना पेंड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 मार्च 2026 को वह ग्राम बस्ती के साप्ताहिक बाजार में सोना-चांदी की दुकान लगाने गया था। दुकान लगाने के दौरान किसी अज्ञात चोर ने सोना-चांदी से भरा उसका थैला चोरी कर लिया। रिपोर्ट पर थाना पेंड्रा में अपराध क्रमांक 87/26 धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी ने तत्काल अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्याम सिदार के निर्देशन में थाना पेंड्रा और चौकी कोड़गार की संयुक्त टीम बनाकर आरोपियों की पतासाजी के निर्देश दिए। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध महिला अड़भार क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर घूम-घूमकर चूड़ी बेचने का काम करती है।
पुलिस टीम ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पूछताछ में पता चला कि वह दमोह जिले की रहने वाली है और घटना के एक दिन पहले उसका भतीजा राजेंद्र शिकारी निवासी दमोह तथा उसकी बहन का लड़का अमर शिकारी ग्राम मटियारी उसके घर आए थे। तीनों ने मिलकर उठाईगिरी की योजना बनाई और बस्ती साप्ताहिक बाजार में जाकर सोना-चांदी से भरा थैला चोरी कर लिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से अड़भार पहुंचे, जहां से राजेंद्र और अमर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपी महिला आशिया शिकारी पति अंजू शिकारी उम्र 40 वर्ष निवासी दमोह थाना पथरिया जिला दमोह के कब्जे से 35 ग्राम सोना और 6.550 किलोग्राम चांदी बरामद की है जिसकी कुल कीमत लगभग 12 लाख 64 हजार 50 रुपए बताई जा रही है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना के 24 घंटे के भीतर ही चोरी गए पूरे मशरूका की बरामदगी कर ली गई है और फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






