बालको में स्थानीय व्यापारियों की अनदेखी का मामला गरमाया,हितानंद अग्रवाल ने बालको प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सामग्री खरीदने का आरोप, स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता देने की मांग
कोरबा ACGN:- कोरबा जिले के बालको क्षेत्र में स्थानीय व्यापारियों की अनदेखी का मुद्दा सामने आया है। नगर पालिक निगम कोरबा के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल ने इस संबंध में वेदांता एल्युमिनियम एंड पावर लिमिटेड बालको के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

पार्षद हितानंद अग्रवाल ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बालको उद्योग के कारण क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि हुई है, जिसके लिए क्षेत्रवासी आभार व्यक्त करते हैं। लेकिन हाल के समय में यह जानकारी सामने आई है कि संस्था द्वारा आवश्यक सामग्री की खरीद स्थानीय व्यापारियों के बजाय बाहरी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे अमेज़न, फ्लिपकार्ट और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से की जा रही है, जिससे स्थानीय व्यापारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बालको और कोरबा क्षेत्र में लगभग एक हजार से अधिक व्यापारी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से व्यवसाय कर रहे हैं और इनके माध्यम से करीब दस हजार से अधिक लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में स्थानीय व्यापारियों को दरकिनार कर बाहर से सामग्री की खरीद किए जाने से क्षेत्रीय व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।

पार्षद ने अपने पत्र में आग्रह किया है कि संस्था “स्थानीय क्रय वरीयता नीति” लागू करते हुए आवश्यक सामग्री की खरीद में कोरबा क्षेत्र के व्यापारियों को प्राथमिकता दे। उन्होंने यह भी कहा कि इससे क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व की भावना भी मजबूत होगी। साथ ही इससे उद्योग और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास और सहयोग का वातावरण भी सुदृढ़ होगा।
पार्षद हितानंद अग्रवाल ने प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए समुचित पहल की जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






