मसाहती ग्रामों का सर्वे दो माह में पूरा करने और मादक फसल पर कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने सर्वे कार्य में तेजी लाने और मादक फसल पर कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश
कोरबा ACGN: कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे मसाहती ग्रामों के सर्वे कार्य की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी मसाहती ग्रामों का सर्वे दो माह के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए और उसका प्रारंभिक तथा अंतिम प्रकाशन चरणबद्ध तरीके से करते हुए भुइयां पोर्टल में समयबद्ध अपलोड किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि सर्वे कार्य पूरी सावधानी और व्यवस्थित तरीके से किया जाए ताकि भविष्य में शासन की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए भूमि उपयोग में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे के बाद अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी करते हुए भुइयां पोर्टल में रिकॉर्ड समय पर अपलोड किया जाए और इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि मसाहती ग्रामों की मिसल का मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए तथा सर्वे के दौरान किसी भी कृषक या ग्रामवासी की भूमि प्रारंभिक प्रकाशन से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह शासन की उच्च प्राथमिकता का कार्य है, जिससे भूमि विवाद, सीमांकन संबंधी समस्याएं और रिकॉर्ड से जुड़ी दिक्कतों का स्थायी समाधान होगा।
जिले में वर्तमान में कुल 113 मसाहती ग्राम हैं, जिनमें से 20 ग्रामों का प्रारंभिक प्रकाशन और 13 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है, जबकि छह ग्राम अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया में हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दावे-आपत्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र अंतिम प्रकाशन सुनिश्चित करें, ताकि भूमि संबंधी रिकॉर्ड अद्यतन हो सके और ग्रामीणों को अनावश्यक विवादों से राहत मिले।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में मादक फसल की खेती को लेकर भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि 25 मार्च तक विशेष टीम बनाकर खेतों की जांच की जाए और जहां भी नशे या मादक पदार्थ से जुड़ी फसल पाई जाए, वहां नारकोटिक्स एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने राजस्व टीम को नियमित भ्रमण करने, फार्म हाउस या बाउंड्रीवाल के भीतर ली जा रही फसलों की भी जांच करने के निर्देश दिए और कहा कि नशे को बढ़ावा देने वाली किसी भी गतिविधि को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार की फसल की खेती की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज, अधीक्षक भू-अभिलेख सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






