ऑनलाइन गेमिंग और करोड़ों के लेन-देन के बीच छात्र रहस्यमय तरीके से लापता
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सी.वी. रमन विश्वविद्यालय छात्रावास से 19 वर्षीय छात्र गायब, कमरे से 40 लाख से अधिक के हिसाब वाली नोटबुक बरामद
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। थाना कोटा क्षेत्र अंतर्गत स्थित सी. वी. रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहने वाला 19 वर्षीय छात्र रोहित कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। इस मामले में कोटा थाना में गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच और तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित कुमार (19 वर्ष), पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया, विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह 6 मार्च 2026 को शाम लगभग चार बजे से छात्रावास से अचानक लापता हो गया। इस संबंध में छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की है।
जांच के दौरान पुलिस को छात्रावास के कमरे से एक मोबाइल फोन मिला, जिसमें सिम कार्ड नहीं था। इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नोट्स, बेटिंग के नियम लिखे हुए एक पन्ने तथा एक नोटबुक भी बरामद हुई है। नोटबुक में लगभग 40 लाख 77 हजार 400 रुपये के लेन-देन का विस्तृत हिसाब दर्ज पाया गया है, जिससे पूरे मामले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के एंगल की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार रोहित कुमार के मोबाइल से उसकी मां को यह संदेश भेजा गया था कि वह अपनी इच्छा से कहीं जा रहा है, हालांकि यह संदेश डिलीवर नहीं हो पाया। इस बीच छात्रावास के अन्य छात्रों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि रोहित ऑनलाइन गेमिंग में काफी सक्रिय था और विभिन्न लोगों के साथ पैसों का लेन-देन करता था।
घटना के दिन भी उसने अपने साथियों से नकद पैसे मांगे थे और कहा था कि वह तुरंत यूपीआई के माध्यम से राशि वापस कर देगा। पुलिस द्वारा मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। बैंक खातों की जांच में लगभग सात लाख रुपये के लेन-देन का पता चला है, जिसमें कई लोगों से विभिन्न ऐप के माध्यम से पैसे लिए और दिए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। इनमें यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, स्कूल परिसर, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप सहित अन्य स्थानों के कैमरों की जांच की गई है। इसके अलावा गुम युवक की जानकारी अन्य जिलों की पुलिस को भी भेजी गई है।
तलाश अभियान के तहत डॉग स्क्वाड की सहायता से छात्रावास से लेकर रेलवे स्टेशन कोटा तक खोजबीन की गई। साथ ही विश्वविद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित के भाई-बहनों को उसके ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच की जा रही है और परिजनों को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी उक्त युवक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें, ताकि युवक का शीघ्र पता लगाया जा सके।
प्रदीप मिश्रा
स्वतंत्र पत्रकार
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ निष्पक्ष, निर्भीक, सच्ची खबरों के साथ जनहित की पत्रकारिता
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






