नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SCR) की पहली बैठक – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SCR) की पहली बैठक

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

रायपुर, छत्तीसगढ़

By ACGN 7647981711, 9303948009

राजधानी क्षेत्र के योजनाबद्ध विकास से छत्तीसगढ़ को मिलेगा नया ग्रोथ इंजन, आधुनिक अधोसंरचना और कनेक्टिविटी को मिलेगी गति
रायपुर ACGN: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (स्टेट कैपिटल रीजन–SCR) की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजधानी क्षेत्र के समग्र और योजनाबद्ध विकास की कार्ययोजना, प्राधिकरण की गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण की परिकल्पना बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसके माध्यम से व्यवस्थित आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार-वाणिज्य, रोजगार के अवसर और आधुनिक अधोसंरचना का तेजी से विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राजधानी रायपुर और आसपास के शहर तेजी से विकसित होते हुए एक बड़े शहरी क्षेत्र का रूप ले रहे हैं। इसलिए महानगरों की तर्ज पर इनके संतुलित और योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित योजना और समयसीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं और प्रगति की नियमित रूप से उच्चस्तरीय समीक्षा की जाए।
बैठक में बताया गया कि स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के अंतर्गत रायपुर दुर्ग भिलाई और  नया रायपुर अटल नगर सहित आसपास के क्षेत्रों को शामिल कर महानगरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। भविष्य में यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास का प्रमुख ग्रोथ इंजन बनेगा।
बैठक में राजधानी क्षेत्र में क्षेत्रीय मोबिलिटी और लॉजिस्टिक्स के विकास, मेट्रो संचालन के लिए टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी स्टडी, सर्वेक्षण कार्यों तथा विशेषज्ञ सलाहकारों की नियुक्ति पर भी विचार किया गया। इसके अलावा प्राधिकरण के प्रशासकीय और वित्तीय अधिकारों के प्रत्यायोजन, ऑडिट सेवाओं के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट की नियुक्ति तथा प्लानिंग प्रभाग के लिए विशेषज्ञ सलाहकारों की सेवाएं लेने के प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में राजधानी क्षेत्र विकास एवं निवेश योजना तैयार करने की कार्ययोजना पर भी विचार किया गया। इसके अंतर्गत निवेश क्षेत्रों का चिन्हांकन, आवश्यक सर्वेक्षण, अनुसंधान और चरणबद्ध रूप से परियोजनाओं के क्रियान्वयन की रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही भूमि विकास और आबंटन की प्रक्रिया को सरल बनाने के संबंध में भी सहमति बनी। प्रारंभिक गतिविधियों के लिए 27 करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी भी दी गई।
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव  सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि भौगोलिक दृष्टि से देश के मध्य में स्थित  छत्तीसगढ़ व्यापार, वाणिज्य और उद्योग के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। स्टेट कैपिटल रीजन के विकास से राजधानी और आसपास के शहरों में बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी, आधुनिक अधोसंरचना और निवेश के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ जनहित की पत्रकारिता
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now