शासकीय कार्य में बाधा डालकर सरकारी रिकॉर्ड जलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के दस्तावेज पेट्रोल डालकर जलाए, बसदेई पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूरजपुर ACGN:- चौकी बसदेई पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित सरकारी रिकॉर्ड जलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने रोजगार सहायक और पंचायत पदाधिकारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए सरकारी दस्तावेजों को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बांसापारा के रोजगार सहायक हीरा सिंह ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 मार्च 2026 की शाम वह सरपंच संतोष सिंह और सचिव राधेश्याम के साथ आवास मित्र आशीष साहू के घर प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों से संबंधित ऑनलाइन रिकॉर्ड देखने गए थे। इसी दौरान गांव का सर्वेश साहू वहां पहुंचा और मनरेगा में हाजिरी भरने को लेकर विवाद करने लगा। उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और रोजगार सहायक के पास रखे झोले से मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के रिकॉर्ड छीनकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए।

घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 296(बी), 351(2), 115(2), 121(1), 132 और 324(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की सूचना मिलने पर सूरजपुर के डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद चौकी बसदेई पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और दबिश देकर ग्राम बांसापारा निवासी सर्वेश साहू पिता राजकुमार साहू उम्र 24 वर्ष को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






