जनसमस्या निवारण शिविरों के आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें : कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालोद छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को निर्देश, गर्मी में पेयजल व्यवस्था मजबूत रखने और नशामुक्ति अभियान पर विशेष जोर
बालोद ACGN:- कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने यह निर्देश संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक के दौरान सभी विभाग प्रमुखों को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर जिले में आम नागरिकों को पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्मी के दौरान किसी भी नागरिक को पेयजल संकट का सामना नहीं करना चाहिए और इसके लिए सभी विभाग समय से तैयारी सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार बैनर और फ्लैक्स के माध्यम से करने तथा आम लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने को कहा।
बैठक में 13 मार्च को बालोद विकासखंड के ग्राम पोंडी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नूतन कंवर सहित सभी विभागों को शिविर के सफल आयोजन के लिए समय पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नशामुक्ति अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री रोकने के लिए सख्त निगरानी के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों को शीघ्र पूरा करने, सघन पौधरोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखरेख सुनिश्चित करने तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारित करने हेतु संपर्क करें – 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






