गर्मी से पहले पेयजल संकट पर प्रशासन सतर्क, बरेला में पाइपलाइन विस्तार से लोगों को मिली राहत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने बनाई ठोस कार्ययोजना, वार्ड क्रमांक 4 में पाइपलाइन विस्तार से वर्षों पुरानी पानी की समस्या का समाधान
मुंगेली ACGN:- कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को लक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आम नागरिकों को पेयजल की किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए, इसके लिए अभी से ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संकट वाले गांवों का विकासखंडवार चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने भूजल स्तर, पानी की टंकियों, पंप और अन्य संसाधनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए समस्या वाले क्षेत्रों में समय रहते समाधान करने को कहा। साथ ही विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पानी की एक बूंद भी बर्बाद न हो, इसके लिए शून्य रिसाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी व्यावसायिक और घरेलू भवनों में वर्षा जल संचयन अनिवार्य करने तथा बोर से तालाब भरने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति के माध्यम से नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल और प्राथमिकता क्रम का पालन अनिवार्य करने को कहा। महतारी वंदन सम्मेलन में प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संजुला शर्मा और नगर पंचायत पथरिया के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मनरेगा और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जैसे कार्यक्रमों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-कार्यालय प्रणाली को पूरी तरह लागू कर विभागों के बीच फाइलों का आदान-प्रदान डिजिटल माध्यम से करने को कहा ताकि कार्यों में पारदर्शिता और गति लाई जा सके।

बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए लू से बचाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस सहित आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आमजनों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत स्थापना और आवेदन की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना में लापरवाही या धीमी प्रगति पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देश पर नगर पंचायत बरेला क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए विशेष पहल की गई। सर्वे के दौरान यह पाया गया कि वार्ड क्रमांक 4 के निवासी वर्षों से पानी की कमी से जूझ रहे थे। समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने यहां पाइपलाइन विस्तार का कार्य कराया।
पाइपलाइन विस्तार का कार्य पूर्ण होने के बाद अब वार्ड क्रमांक 4 के निवासियों को नियमित रूप से पेयजल मिलने लगा है। इससे वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया है और क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

वार्डवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पंचायत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, मुंगेली अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अजय शतरंज, पथरिया अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारित करने हेतु संपर्क करें – 7647981711, 9303948009 📰
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






