जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन में महिलाओं का हुआ सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आयोजन, बाल विवाह मुक्त पंचायतों और निकायों को प्रमाण पत्र
कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा बाल विवाह मुक्त घोषित पंचायतों और नगरीय निकायों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिससे महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व दोनों मजबूत हुए हैं।

मंत्री देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने लखपति दीदी योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आय के अवसर उपलब्ध कराने की बात भी कही।

महापौर संजू देवी राजपूत ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और महतारी सदन निर्माण जैसी पहलों से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।


नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सृजन और संस्कार का प्रतीक माना गया है। महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाएं उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के अवसर प्रदान कर रही हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत जिले की 2 लाख 93 हजार 859 पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है। उन्होंने बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले की 297 ग्राम पंचायतों और 3 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किए जाने की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लिए उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई और समाज में इस कुप्रथा के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने की अपील की। इस दौरान महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य महिलाओं को भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद दीपका, नगर पालिका परिषद कटघोरा और नगर पंचायत छुरीकला को बाल विवाह मुक्त घोषित किए जाने पर उनके मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही बाल विवाह मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं सहित विभिन्न विभागों की उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बस्तर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रेरणादायी संबोधन को उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सुना।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






