किसानों के खेतों में पहुंचे कलेक्टर, मूंगफली-उड़द और मक्का की फसल का किया अवलोकन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़।
By ACGN 7647981711, 9303948009
बरपाली और मुढूनारा में खेतों में उतरकर किसानों से की चर्चा, विद्युत समस्या के समाधान और पुल निर्माण के परीक्षण के दिए निर्देश
कोरबा जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में खेती की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर कुणाल दुदावत स्वयं किसानों के खेतों तक पहुंचे और मूंगफली, उड़द तथा मक्का की फसलों का अवलोकन किया। साल के घने जंगलों के बीच स्थित खेतों में पहुंचकर उन्होंने किसानों से संवाद किया और खेती से जुड़ी समस्याओं तथा संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

कलेक्टर ने कोरबा विकासखंड के ग्राम बरपाली के कलमीटिकरा क्षेत्र में लबेद जलाशय से सिंचित क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत किए जा रहे नवाचारों और फसल उत्पादन को करीब से देखा। उन्होंने किसान टीकाराम राठिया और सहदेव राठिया से चर्चा कर मक्का, उड़द और मूंगफली की खेती के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि धान बिक्री के बाद कृषक उन्नति योजना के तहत अंतर की राशि 28 फरवरी को उनके खातों में प्राप्त हो चुकी है तथा कृषि विभाग द्वारा खाद, बीज और अन्य सहयोग भी मिल रहा है।

किसानों ने बताया कि क्षेत्र में लगभग 5 हेक्टेयर में मक्का, 9 हेक्टेयर में उड़द और 21 हेक्टेयर में मूंगफली की खेती की जा रही है। लबेद जलाशय से पानी की उपलब्धता के कारण गर्मी के मौसम में भी खेती संभव हो पा रही है। कलेक्टर ने किसानों को पपीता सहित अन्य लाभदायक फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित किया और कहा कि शासन-प्रशासन किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

निरीक्षण के दौरान किसानों ने विद्युत कटौती से सिंचाई प्रभावित होने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को फोन कर समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। किसानों द्वारा खेतों तक विद्युत खंभे गिरने के बावजूद उन्हें खड़ा नहीं किए जाने की शिकायत पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले और एसडीएम सरोज महिलांगे भी उपस्थित रहे।

पुल निर्माण की मांग पर किया स्थल निरीक्षण
ग्राम कलमीटिकरा में किसानों ने लबेद जलाशय के पास पुल निर्माण की मांग रखी, जिससे आवागमन में सुविधा मिल सके। किसानों की मांग पर कलेक्टर ने खेतों की मेड़ों से लगभग एक किलोमीटर से अधिक पैदल चलकर स्थल का निरीक्षण किया और जल संसाधन विभाग को पुल निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
ड्रिप सिंचाई से तरबूज की खेती का किया अवलोकन
कलेक्टर ने ग्राम मुढूनारा में किसान टीकाराम द्वारा लगभग 6 एकड़ में ड्रिप सिंचाई पद्धति से की जा रही तरबूज की खेती का भी अवलोकन किया। किसान ने बताया कि गांव के पांच किसान मिलकर वर्ष में तीन बार फसल लेते हैं, जिससे प्रत्येक किसान को लगभग एक लाख रुपये तक की आय प्राप्त होती है।

कलेक्टर ने किसानों को शकरकंद, पपीता सहित अन्य लाभदायक फसलों की खेती अपनाने और आधुनिक कृषि तकनीकों जैसे पॉलीहाउस व ड्रिप सिंचाई के उपयोग को बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को सिंचाई रकबा बढ़ाने तथा ड्रिप सिंचाई के विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






