एक साल में मुंगेली को मिली विकास की नई रफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली – छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिनाईं उपलब्धियां, 132 करोड़ के विकास कार्य प्रस्तावित
मुंगेली ACGN:- मुंगेली में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रोहित शुक्ला के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर स्थानीय रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं और आने वाली योजनाओं की विस्तृत जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की।

प्रेस वार्ता में रोहित शुक्ला ने बताया कि उनके कार्यकाल के पहले वर्ष में नगर में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, चौक सौंदर्यीकरण, मुक्तिधाम उन्नयन, स्ट्रीट लाइट और गार्डन निर्माण जैसे कई विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए अधोसंरचना, स्वच्छता और जनकल्याण योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2023–24 में 14वें वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 144.46 लाख रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण किया गया। इनमें मेन रोड से शक्ति धर्मकांटा रोड, पंडरिया रोड से आत्मानंद स्कूल रोड और बस स्टैंड से बिजली ऑफिस रोड जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

अधोसंरचना मद के अंतर्गत 69 कार्यों के लिए 859.18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए, जिनमें से 60 कार्य 395.07 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किए जा चुके हैं। वर्ष 2024–25 में 1388.32 लाख रुपये की स्वीकृति मिली, जिसमें 26 कार्य पूरे किए गए हैं, जबकि खर्रीपारा रोड, वार्ड साइन बोर्ड, गौरवपथ निर्माण और पांच स्थानों पर स्वागत द्वार सहित अन्य कार्य 1006.05 लाख रुपये की लागत से प्रगतिरत हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025–26 में 2546.62 लाख रुपये की लागत से 27 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें हाई मास्ट लाइट, स्विमिंग पूल, आगर खेल परिसर का जीर्णोद्धार, सामुदायिक भवन निर्माण, चौक सौंदर्यीकरण, नालंदा परिसर निर्माण और एनयूएलएम कार्यालय के नवीनीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैक्टर, मिनी टिपर, वैक्यूम एम्पिटर, ई-रिक्शा, कम्पोस्ट मशीन, ट्रैक्टर ट्रॉली और स्टील डस्टबिन जैसी मशीनरी खरीदी गई है। इन कार्यों पर अब तक लगभग 303.79 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर में 1379 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 1238 आवास पूर्ण हो चुके हैं जबकि 151 आवास निर्माणाधीन हैं। वहीं योजना के दूसरे चरण में 378 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा नगर के 22 वार्डों में 10,426 राशन कार्ड जारी किए गए हैं तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 3,389 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।
नगर पालिका परिषद द्वारा वर्ष 2026–27 के लिए लगभग 132 करोड़ रुपये के बड़े विकास कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें आगर नदी के किनारे रिटेनिंग वॉल निर्माण, लोरमी बायपास से रामगढ़ पुल तक बीटी सड़क, आगर नदी में स्टॉप डैम, रिवर व्यू फोर लेन सड़क एवं रिवर फ्रंट सौंदर्यीकरण और नगर भवन (विवाह घर) का निर्माण शामिल है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चुरावन मंगेशकर, चंद्रभान बारमते, पूर्व मंडी अध्यक्ष आत्मा सिंह क्षत्रिय, कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष दिलीप बंजारा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि मकबूल खान, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर और युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश छेदइया सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार प्रसारित करने हेतु एवं आपकी संस्था, संगठन, जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ के विज्ञापन हेतु संपर्क करें
📞 7647981711, 9303948009 📢
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






