पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बंधवा का प्रभारी सचिव ने किया निरीक्षण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने दिए निर्देश
मुंगेली, जिले के प्रभारी सचिव एवं पीएम श्री योजना के नोडल अधिकारी चंदन कुमार ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के दौरे के दौरान पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बंधवा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशाला, खेल सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम श्री योजना के निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्यालय में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

चंदन कुमार ने कहा कि पीएम श्री योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ अनुभवात्मक एवं शिक्षार्थी-केंद्रित शिक्षा प्रदान करना है। इससे विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, रचनात्मकता तथा समस्या समाधान जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित होंगे।

उन्होंने जिले के पीएम श्री विद्यालयों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप उत्कृष्ट संस्थानों के रूप में विकसित करने पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए कड़ी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक परिवेश का लाभ उठाकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रभारी सचिव ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत निर्धारित 21 संतृप्ति बिंदुओं पर बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग शिव बांधे, जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































