बरपाली बम कांड के अज्ञात आरोपियों का 24 घंटे में खुलासा, उरगा पुलिस की बड़ी सफलता – तीन आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा (छत्तीसगढ़)
By ACGN 7647981711, 9303948009
बरपाली में घर के दरवाजे पर जिलेटिन स्टीक से विस्फोट करने वाले अज्ञात आरोपियों को पुलिस ने खोज निकाला, विस्फोटक अधिनियम के तहत भेजा गया न्यायिक रिमांड
कोरबा: कोरबा जिले के थाना उरगा क्षेत्र अंतर्गत बरपाली स्थित सिंचाई कॉलोनी में घर के दरवाजे पर हुए बम विस्फोट के अज्ञात आरोपियों का उरगा पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के समय पुलिस के पास आरोपियों की कोई जानकारी नहीं थी और मामला पूरी तरह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी माखन लाल निर्मलकर (73 वर्ष) निवासी सिंचाई कॉलोनी बरपाली ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 01 और 02 मार्च 2026 की दरमियानी रात लगभग 2 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर के दरवाजे पर विस्फोटक पदार्थ (जिलेटिन स्टीक) जलाकर फेंका गया। विस्फोट इतना तेज था कि घर का दरवाजा और नीचे लगी टाइल्स पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के समय प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोपियों की कोई पहचान नहीं थी और मामला अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत धारा 326 जी, 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9 (ख) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
लगातार जांच, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शुधांशु यादव (24 वर्ष) निवासी सिंचाई कॉलोनी बरपाली, नितेश सारथी (23 वर्ष) निवासी बरपाली और पंकज यादव (19 वर्ष) निवासी करमंदी बड़ेपारा थाना उरगा शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि पंकज यादव द्वारा मछली मारने और गिट्टी खदान में पत्थर तोड़ने के काम में उपयोग होने वाला बारूद उपलब्ध कराया गया था। यह विस्फोटक नितेश सारथी के माध्यम से शुधांशु यादव तक पहुंचाया गया, जिसके बाद शुधांशु यादव ने प्रार्थी के घर के दरवाजे पर विस्फोट कर घटना को अंजाम दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शुधांशु यादव के घर से जीआई तार, मिर्ची पाउडर का डिब्बा तथा अन्य प्लास्टिक के डिब्बे जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में उरगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी, परिवीक्षाधीन अधिकारी आस्था शर्मा, सहायक उप निरीक्षक संतराम सिंहा, प्रधान आरक्षक रामू कुर्मी तथा आरक्षक नितेश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अज्ञात बम कांड का इतनी तेजी से खुलासा कर उरगा पुलिस ने अपनी सक्रियता और कार्यकुशलता का परिचय दिया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक सच्ची खबरों के साथ विश्वसनीय और जनहितकारी पत्रकारिता अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ वेब पोर्टल
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






