होली खुशियों और आपसी जुड़ाव का पर्व, किसानों की समृद्धि से बढ़ा उत्साह : विष्णु देव साय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
धरसींवा में होली मिलन समारोह में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक अनुज शर्मा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए और क्षेत्रवासियों के साथ होली की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने पर विधायक अनुज शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए सभी उपस्थित जनों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है। यह हमें मनमुटाव और गिले-शिकवे भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि होलिका बुराई का प्रतीक है और इसका दहन हमें जीवन में अच्छाई, सकारात्मकता और खुशहाली को अपनाने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 4 मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा और इसका उत्साह अभी से प्रदेश में दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों के खातों में सहायता राशि अंतरित की गई है, जिससे किसानों में विशेष उत्साह का माहौल है और इस बार प्रदेश में होली का पर्व और भी उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा किसानों के खातों में सहायता राशि अंतरित किए जाने से किसानों में खुशी का माहौल है और वे इस वर्ष होली का त्योहार अधिक उत्साह और आनंद के साथ मना रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पारंपरिक फाग गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया, जिससे पूरा परिसर होली के रंग में सराबोर हो गया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






