बिजली चोरी पर सख्ती, दोषियों पर दर्ज होंगे प्रकरण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अवैध हुकिंग पर अभियान के निर्देश दिए, अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं से सोलर पैनल अपनाने की अपील
मुंगेली ACGN:- जिले में बढ़ती बिजली चोरी और अवैध हुकिंग की घटनाओं को लेकर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने साफ कहा कि बिजली चोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि बिजली चोरी से शासन को भारी आर्थिक नुकसान होता है और इसका सीधा असर ईमानदार उपभोक्ताओं पर पड़ता है। अवैध हुकिंग से ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिससे बार बार फॉल्ट और बिजली आपूर्ति बाधित होती है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए जहां से ज्यादा शिकायतें मिल रही हैं।
कलेक्टर ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे बिजली चोरी या अवैध कनेक्शन की जानकारी विभाग को दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बिजली बिल में बचत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने की सलाह दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोलर ऊर्जा से जुड़ी शासन की योजनाओं की जानकारी गांव गांव तक पहुंचाई जाए और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाया जाए।
साथ ही राजस्व और विद्युत विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर बकाया वसूली, मीटर जांच और अवैध कनेक्शन की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, लाइन सुधार और समय पर मेंटेनेंस से ही बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






