वित्त वर्ष 2026-27 का बजट ‘संकल्प से सिद्धि’ का रोडमैप – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
समावेशी विकास, अधोसंरचना, शिक्षा, कृषि और बस्तर-सरगुजा के उत्थान पर विशेष फोकस, पांच नए मुख्यमंत्री मिशनों की घोषणा
रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के राज्य बजट को संकल्प से सिद्धि का रोडमैप बताते हुए कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण और अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करने वाला दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि सरकार का पहला बजट ज्ञान और दूसरा गति की थीम पर आधारित था जबकि इस वर्ष का बजट संकल्प की भावना को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है जो विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में समावेशी विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, निवेश संवर्धन, कुशल मानव संसाधन निर्माण और पॉलिसी से परिणाम तक की स्पष्ट रणनीति पर विशेष जोर दिया गया है। यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में मिशन मोड में कार्य करने के लिए पांच नए मुख्यमंत्री मिशन शुरू किए जाएंगे जिनमें मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन और मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शामिल हैं। इन मिशनों से प्रदेश के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कुल बजट का 13.5 प्रतिशत प्रावधान किया गया है। बस्तर के अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी स्थापित की जाएंगी ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
कृषि क्षेत्र के लिए 13 हजार 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान जारी रहेगा। बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के विकास के लिए 100 करोड़ रुपए का विशेष प्रावधान किया गया है। इंद्रावती नदी पर देवरगांव और मटनार बैराज निर्माण के लिए 2000 करोड़ रुपए से अधिक राशि का प्रावधान किया गया है जिससे सिंचाई क्षमता बढ़ेगी।
औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना हेतु 250 करोड़ रुपए, मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ रुपए तथा भूमि विकास बैंक के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। बस्तर फाइटर्स में 1500 नई भर्तियां की जाएंगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे योजना हेतु 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर चांपा और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज संचालन, जगदलपुर अंबिकापुर हवाई सेवा विस्तार तथा अंदरूनी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री बस सेवा जैसी योजनाएं शामिल हैं। युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने हेतु व्यापम की दक्षता बढ़ाई जाएगी और छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना प्रारंभ की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस बजट को प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






