जल जीवन मिशन से मांगामार में अब हर घर जल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
522 घरों में नल कनेक्शन, हैंडपंप और कुओं पर निर्भरता खत्म
कोरबा ACGN:- केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के तहत जिले के दूरस्थ ग्राम मांगामार में अब हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। कोरबा मुख्यालय से लगभग 53 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में वर्षों से चली आ रही जल समस्या अब बीते दिनों की बात हो गई है।
करीब ढाई हजार की आबादी वाले मांगामार में एक करोड़ 45 लाख 34 हजार रुपये की लागत से रेट्रोफिटिंग योजना लागू की गई। योजना के तहत उच्च स्तरीय पानी टंकी स्थापित की गई और लगभग 3700 मीटर पाइपलाइन बिछाकर 522 घरों में नल कनेक्शन दिए गए। अब ग्रामीणों को साल भर घर पर ही स्वच्छ और सुरक्षित पानी मिल रहा है।

गांव की समारिन बाई खाण्डेल बताती हैं कि पहले पेयजल के लिए हैंडपंप और कुओं पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मियों में भूजल स्तर नीचे चला जाता था, जिससे पानी की किल्लत और बढ़ जाती थी। सुबह-सुबह पानी भरने के लिए लंबी कतारें लगती थीं और महिलाओं को घंटों मेहनत करनी पड़ती थी।
अब “हर घर जल” सुविधा मिलने से गांव की तस्वीर बदल गई है। हर घर में नल कनेक्शन पहुंच चुका है और नियमित जल आपूर्ति हो रही है। महिलाओं को अब दूर-दूर तक पानी ढोने की मजबूरी नहीं रही। बचा हुआ समय वे बच्चों की पढ़ाई, परिवार की देखभाल और आयवर्धक कार्यों में लगा पा रही हैं।

स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से जलजनित बीमारियों में भी कमी आई है और स्वास्थ्य स्तर में सुधार देखने को मिल रहा है। मांगामार जैसे सुदूर गांव में जल जीवन मिशन ने विकास की नई धारा बहाई है। अब हैंडपंपों और अस्थायी स्रोतों पर निर्भरता समाप्त हो चुकी है और ग्रामीणों का जीवन पहले से कहीं अधिक सहज और सुरक्षित हो गया है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






