नवपदस्थ थाना प्रभारी के सामने बड़ी चुनौती, क्या टूटेगा राजनीतिक संरक्षण का कवच
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरिया, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
अवैध शराब, कोल माफिया और कबाड़ गिरोह पर कब चलेगा सख्त डंडा
कोरिया/चरचा कॉलरी – ACGN:- चरचा थाना क्षेत्र में विशेषकर चरचा कॉलरी और आसपास के इलाकों में अवैध गतिविधियों का जाल तेजी से फैल रहा है। गली-गली महुआ शराब की खुलेआम बिक्री, नशे के कारोबार में कथित जनप्रतिनिधियों की संलिप्तता, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, सक्रिय लोहे-कबाड़ गिरोह और अवैध कोयला चोरी का संगठित नेटवर्क—ये सब क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था को खोखला कर रहे हैं।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार अवैध महुआ शराब का धंधा गांव-गांव और मोहल्लों तक फैल चुका है। कुछ प्रभावशाली लोग पैसों के लालच में युवाओं और आमजन को नशे की गिरफ्त में धकेल रहे हैं। इस नशे ने कई परिवारों की खुशियां छीनी हैं और घरेलू हिंसा, आर्थिक तंगी व अपराध में वृद्धि हुई है।
इसी के साथ क्षेत्र में गांजा व नशीले इंजेक्शन का व्यापार भी जोरों पर है। नशे का यह अवैध कारोबार युवाओं के भविष्य को अंधकार में डाल रहा है।
लोहे-कबाड़ का अवैध कारोबार भी सक्रिय है और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहा है। थाना प्रभारी के पदभार संभालने के चंद घंटों में ही मारुति वैन में चोरी का स्क्रैप पकड़ा जाना इसका प्रमाण है। कॉलरी क्षेत्र में फिल्मी स्टाइल की मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं।
सबसे गंभीर स्थिति अवैध कोयला चोरी की है। कोल माफिया खुलेआम अवैध खनन और कोयले के क्रय-विक्रय में संलिप्त हैं। चरचा कॉलरी की खदान और आसपास के अवैध भत्तों में चोरी का कोयला भरमार है। ईंट भट्टों के मालिक ₹300 प्रति बोरी दर से चोरी का कोयला खरीदते हैं। नगर पालिका शिवपुर के वार्ड क्रमांक 12 और 13 में नाले के पास देर रात पिकअप और ऑटो से कोयला ले जाया जा रहा है। कई कथित सफेदपोश इस नेटवर्क में शामिल बताए जाते हैं।
राजनीतिक संरक्षण का इस्तेमाल प्रशासन पर दबाव बनाने और आरोपियों को कार्रवाई से बचाने में होता रहा है। कुछ दल ऐसे तत्वों को ‘वोट बैंक’ मानकर संरक्षण देते हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
इन गंभीर हालातों के बीच नए थाना प्रभारी आनंद सोनी ने पदभार संभाला है। उन्होंने कहा, “मैं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में निष्ठा और निष्पक्षता के साथ कार्य करूंगा। संबंध सबके साथ रहेंगे, लेकिन न्याय को प्रभावित नहीं होने दूंगा। कानून से ऊपर कोई नहीं है।”
अब देखना यह होगा कि प्रशासन अवैध शराब, गांजा, कबाड़ गिरोह और कोल माफिया के खिलाफ ठोस कार्रवाई करता है या यह नेटवर्क राजनीतिक संरक्षण के सहारे फलता-फूलता रहेगा।
जनहित और समाजहित में आवश्यक है कि आम नागरिक जागरूक हों, अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें और नशामुक्त, अपराधमुक्त चरचा बनाने में सहयोग करें।
प्रदीप मिश्रा
नोट: निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






