वार्ड 17 व 19 को मिली नई सौगात, दादर बस्ती की सड़क बनेगी चमचमाती
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
1 करोड़ 58 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, मंत्री लखनलाल देवांगन बोले – जनता की जरूरतें पूरी करना पहली प्राथमिकता
कोरबा ACGN:- नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार तेज हो गई है। वार्ड क्रमांक 17 में मंगल भवन, वार्ड क्रमांक 19 में सामुदायिक भवन और वार्ड 34 दादर बस्ती में जर्जर सड़क के डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया गया। प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने करीब 1 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत वाले इन कार्यों की शुरुआत की।

वार्ड 17 ढोढ़ीपारा भैंसखटाल में काली मंदिर के पास 20 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन बनाया जाएगा। वहीं वार्ड 19 ढोढ़ीपारा के सामने स्थित बस्ती में क्षत्रिय राठौर समाज की मांग पर 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड 34 दादर में कंकालिन मंदिर से जगन्नाथ मंदिर होते हुए मुख्य द्वार तक 1 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा।

कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने बस्तीवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे खुद को जनता के परिवार का सदस्य मानते हैं और क्षेत्र की विकास संबंधी हर जरूरत को पूरा करना उनका पहला लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मंगल भवन और सामुदायिक भवन बनने से लोगों को पारिवारिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। यह वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो रही है।

मंत्री ने अपने संबोधन में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में आधारभूत संरचना तेजी से मजबूत हो रही है। रेल कॉरिडोर, चौड़ी सड़कों और आवास योजनाओं से आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी जनता से किए वादों को समय सीमा में पूरा करने की दिशा में ठोस काम किया है और राज्य सरकार सभी वर्गों के हित में लगातार कार्य कर रही है।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मंत्री देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा शहर में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि निगम के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
वार्ड 17 के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने मंगल भवन निर्माण को वार्डवासियों की पुरानी मांग बताया और इसके लिए आभार जताया। उन्होंने भवन की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग भी रखी, जिस पर मंत्री और महापौर ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






