एआई इम्पैक्ट समिट में स्टॉल बना आकर्षण, बिल्डथॉन में रायपुर के युवाओं ने जीता प्रथम स्थान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का डिजिटल दमखम
रायपुर ACGN:- नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ ने डिजिटल दुनिया में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। यहां लगाए गए राज्य के स्टॉल ने देश-विदेश से आए निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया। “छत्तीसगढ़ ड्रिवन बाय इंटेलिजेंस” थीम पर आधारित स्टॉल में राज्य की एआई क्षमता, आधुनिक डिजिटल अधोसंरचना और निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

स्टॉल में नवा रायपुर में स्थापित किए जा रहे देश के पहले एआई डाटा सेंटर पार्क की विशेष जानकारी दी गई। लगभग 1000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश से विकसित होने वाली इस परियोजना में एक लाख तक ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की क्षमता विकसित की जाएगी। यह पहल एआई आधारित सेवाओं, उच्च क्षमता डाटा प्रोसेसिंग और डिजिटल नवाचार को नई रफ्तार देगी और छत्तीसगढ़ को भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि समिट में छत्तीसगढ़ का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बनना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क राज्य को उच्च तकनीकी निवेश और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। यह पहल युवाओं को नए अवसर देगी और छत्तीसगढ़ को डिजिटल क्रांति के अग्रणी राज्यों में शामिल करेगी।
समिट के दौरान औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत एआई, रोबोटिक्स और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी भी निवेशकों को दी गई। राज्य की निर्बाध विद्युत आपूर्ति, विकसित हो रहा नवा रायपुर स्मार्ट सिटी और उद्योग अनुकूल नीतियों ने निवेशकों में विश्वास पैदा किया। कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने राज्य में एआई और डाटा सेंटर क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई।

इसी मंच पर छत्तीसगढ़ के युवाओं ने भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। इंडिया एआई इम्पैक्ट बिल्डथॉन प्रतियोगिता में रायपुर के अनुराग मानिक और आस्था मानिक ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों के बीच तीन कठिन चरणों को पार कर यह उपलब्धि हासिल करना बड़ी सफलता मानी जा रही है।
दोनों प्रतिभाशाली भाई-बहन द्वारा तैयार “कर्तव्य” एआई ऐप विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यह एप्लिकेशन एआई जनित आवाज और वास्तविक आवाज में अंतर पहचान कर लोगों को डिजिटल ठगी से सुरक्षित रखने में मदद करेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस उपलब्धि पर दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तकनीक को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का यह प्रयास आज के दौर में बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहे हैं। राज्य सरकार युवाओं को तकनीक, नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध करा रही है।
डिजिटल निवेश और युवा प्रतिभा के इस संगम ने यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ अब केवल संसाधनों का राज्य नहीं, बल्कि तकनीक और नवाचार का उभरता हुआ केंद्र बनता जा रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






