114 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को मिला एनसीडी का विशेष प्रशिक्षण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
टाइप 1 डायबिटीज की बढ़ती चुनौती से निपटने स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ और एकम फाउंडेशन की संयुक्त पहल
कोरबा ACGN:- कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एन.एन. केशरी के नेतृत्व में 11 एवं 12 फरवरी 2026 को जिले में गैर संचारी रोग यानी एनसीडी पर दो दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ और एकम फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के 114 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला में छत्तीसगढ़ में टाइप 1 डायबिटीज के बढ़ते मामलों पर गंभीर चर्चा की गई और इस रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को परामर्श तकनीक, सामुदायिक स्तर पर जागरूकता अभियान, नैदानिक प्रबंधन, पेशेंट सपोर्ट ग्रुप की भूमिका तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में रोग पहचान और उपचार की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि टाइप 1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को सामाजिक, मानसिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका केवल इलाज तक सीमित न रहकर भावनात्मक सहयोग और सही मार्गदर्शन देने तक भी होनी चाहिए। प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रभावी काउंसलिंग से मरीज और उनके परिवारों का आत्मविश्वास बढ़ाया जा सकता है और बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।

प्रशिक्षण सत्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी, शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता सोना, यूनिसेफ स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेन्द्र सिंह और जिला प्रबंधक (अस्पताल) कुमारी गीता एक्का ने विषयवार जानकारी साझा की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला प्रबंधक एनएचएम पद्माकर शिंदे तथा एनसीडी कंसलटेंट डॉ. नरेन्द्र जायसवाल का विशेष सहयोग रहा।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से जमीनी स्तर पर काम कर रहे स्वास्थ्य अधिकारियों की समझ और क्षमता दोनों मजबूत होंगी, जिससे जिले में गैर संचारी रोगों की रोकथाम और प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






