मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 92 वर्षीय लोकतंत्र सेनानी डॉ. निर्मल घोष से की आत्मीय भेंट
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरिया, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
बैकुंठपुर में घर पहुंचकर हालचाल जाना, लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान का दिया संदेश
कोरिया ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 92 वर्षीय लोकतंत्र सेनानी डॉ. निर्मल घोष के निवास पर पहुंचकर आत्मीय मुलाकात की। बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के अचानक उनके घर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी का हालचाल जाना और उनके संघर्ष के दिनों की स्मृतियां सुनीं।
इस मुलाकात ने यह संदेश दिया कि सम्मान केवल भाषणों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यवहार में भी झलकना चाहिए। जब प्रदेश का मुखिया स्वयं किसी लोकतंत्र सेनानी के घर पहुंचता है, तो यह सम्मान केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहता बल्कि पूरे समाज और संगठन तक सकारात्मक संदेश पहुंचाता है।
ज्ञात हो कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का एक संवेदनशील अध्याय रहा है, जब नागरिक अधिकारों का हनन हुआ, विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियां हुईं और प्रेस पर नियंत्रण लगाया गया। उस दौर में जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया, वे लोकतंत्र के प्रहरी माने जाते हैं। आज ऐसे सेनानियों का सम्मान करना और उनके योगदान को याद रखना लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
प्रदेश में लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन सेवा का पुनः प्रारंभ होना भी इसी सोच का हिस्सा माना जा रहा है। यह केवल आर्थिक सहयोग नहीं बल्कि इस बात का प्रतीक है कि उनका संघर्ष व्यर्थ नहीं गया और नई पीढ़ी उसे विस्मृत नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री की यह सादगीपूर्ण भेंट उन कार्यकर्ताओं के लिए भी संदेश मानी जा रही है जिन्होंने वर्षों तक संगठन के लिए निष्ठापूर्वक कार्य किया। राजनीतिक हलकों में इसे मानवीय संवेदना और लोकतांत्रिक परंपरा के सम्मान की मिसाल बताया जा रहा है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






