मनरेगा में मशीनों से काम का आरोप, रोजगार सहायक राजू पटेल के खिलाफ भड़के ग्रामीण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
100 दिन रोजगार की योजना में गड़बड़ी का दावा, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सेवा समाप्ति और जांच की मांग
कोरबा ACGN:- जनपद पंचायत करतला के ग्राम पंचायत लबेद में मनरेगा कार्यों को लेकर रोजगार सहायक राजू पटेल पिता विद्या पटेल के खिलाफ ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उप सरपंच सुक सिंह पटेल के नेतृत्व में समस्त पंचगण, ग्रामवासी और मनरेगा श्रमिक कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनदर्शन में लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।


ग्रामीणों ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना शासन की गरीबों के लिए महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत जरूरतमंद परिवारों को 100 दिन का रोजगार देने का प्रावधान है। यह योजना गांव के मजदूरों के लिए सहारा मानी जाती है, लेकिन आरोप है कि ग्राम पंचायत लबेद में इस योजना की मंशा पर पानी फेरा जा रहा है।
शिकायत के अनुसार इंटर लॉकिंग टाइल्स रोड एवं तटबंध निर्माण के लिए लगभग 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें करीब 6 लाख 50 हजार रुपये मजदूरी मद में निर्धारित हैं। कई किस्तें जारी होने के बावजूद मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है। आरोप है कि रोजगार सहायक राजू पटेल द्वारा मनरेगा के कार्य जेसीबी एवं अन्य मशीनों से कराए जा रहे हैं, जिससे चयनित मजदूरों को काम से वंचित किया जा रहा है और योजना में झोल-झाल किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में भी संबंधित रोजगार सहायक द्वारा अनियमितताएं की गई हैं और चयनित मजदूरों के नाम पर फर्जी मजदूरी आहरण किया जाता है। उनका कहना है कि इस तरह की कार्यप्रणाली से गरीबों का हक छीना जा रहा है और शासन की छवि धूमिल हो रही है।

शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि रोजगार सहायक द्वारा कथित रूप से करोड़ों रुपये का निजी गृह निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों ने उनकी आय के स्रोत, संपत्ति और कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोष सिद्ध होने पर सेवा समाप्ति की मांग की है।

ग्रामीणों ने जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से भी मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही जांच टीम गठित कर मौके पर निरीक्षण कराया जाएगा और यदि अनियमितता पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की प्रतिलिपि पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जनपद पंचायत करतला अध्यक्ष श्रीमती अशोका बाई कंवर तथा उपाध्यक्ष मनोज झा को भी प्रेषित की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मनरेगा गरीबों के 100 दिन के रोजगार की गारंटी है और यदि उसमें मशीनों से काम कर मजदूरों को दरकिनार किया जाएगा तो वे चुप नहीं बैठेंगे। अब पूरे मामले में प्रशासनिक जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






