सरस्वती शिशु मंदिर दर्री में मातृ-पितृ पूजन दिवस हर्षोल्लास से संपन्न
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
14 फरवरी को विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चार के साथ किया माता-पिता का पूजन, भावुक हुए अभिभावक
कोरबा ACGN:- सरस्वती शिशु मंदिर एच.टी.पी.पी. दर्री में 14 फरवरी को भारतीय संस्कृति की अनुपम परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मातृ-पितृ पूजन दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, ओम् तथा भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कक्षा अरुण उदय से पंचम तक के भैया-बहनों ने अपने अभिभावकों के साथ इस विशेष आयोजन में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का विधिवत पूजन, तिलक और आरती कर आशीर्वाद लिया तथा उनका मुंह मीठा कराया। इस भावुक क्षण में कई अभिभावकों की आंखें नम हो गईं और परिसर में अपनत्व और संस्कार का वातावरण दिखाई दिया।

अभिभावक श्री कमलेश वैष्णव ने कहा कि आज जब पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में वेलेंटाइन डे मनाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, ऐसे समय में भारतीय संस्कृति के संरक्षण और परिवार के मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला यह आयोजन अत्यंत सराहनीय है। प्राचार्या श्रीमती सुषमा बारस्कर ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज बच्चे और अभिभावक मोबाइल में अधिक समय दे रहे हैं, जबकि उन्हें एक-दूसरे के साथ समय बिताकर रिश्तों को मजबूत करना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन आचार्य श्री विनोद कुमार गुप्ता ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रभारी आचार्या श्रीमती सरिता भारिया, समस्त आचार्यगण, अभिभावक बंधु-भगिनी और विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा। पूरा विद्यालय परिवार भारतीय संस्कारों की इस अनूठी छटा का साक्षी बना।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






