बंगाली चाल की वर्षों पुरानी प्यास बुझेगी, वार्ड 15 और 09 में मजबूत होगी पेयजल व्यवस्था
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा – छत्तीसगढ़
By ACGN | 7647981711, 9303948009
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने सवा 87 लाख के जलकार्य का किया भूमिपूजन
कोरबा, ACGN:- टी.पी. नगर जोन अंतर्गत स्थित बंगाली चाल में वर्षों से चली आ रही पानी की किल्लत अब इतिहास बनने जा रही है। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 15 और 09 के कई मोहल्लों में भी पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ किया जाएगा। रविवार को टी.पी. नगर स्थित टैगोर उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने पेयजल व्यवस्था से जुड़े सवा 87 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य शीघ्र प्रारंभ कर तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आगामी ग्रीष्म ऋतु में वार्डवासियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

नगर निगम कोरबा द्वारा टी.पी. नगर जोन के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 में टी.पी. नगर चौक से सुनालिया केनाल ब्रिज और बंगाली चाल तक तथा महाराजा होटल से पावर हाउस रोड तक 73 लाख 28 हजार रुपये की लागत से डीआई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। वहीं वार्ड क्रमांक 09 इमलीडुग्गू क्षेत्र में अशोक घर से पूजा पाण्डेय घर तक बायपास रोड, नागेश ठाकुर घर से आंगनबाड़ी एवं रेलवे मोहल्ला, टीका घर से आंगनबाड़ी तक 14 लाख 01 हजार रुपये की लागत से ओपीवीसी पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इन सभी कार्यों का भूमिपूजन उद्योग मंत्री के मुख्य आतिथ्य और महापौर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि निगम क्षेत्र के दूरस्थ बस्तियों और मोहल्लों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए 36 करोड़ रुपये की लागत से जलप्रदाय विस्तार कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को पानी की समस्या न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है और जहां-जहां पानी की दिक्कत है, उसे खत्म करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और केंद्र व राज्य सरकार मिलकर स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, रोजगार, कृषि और उद्योग सहित सभी क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में नगर निगम कोरबा क्षेत्र के विकास के लिए 800 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी जा चुकी है और आगे भी विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि बंगाली चाल में वर्षों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई थी, खासकर गर्मी के दिनों में महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने गंभीरता से लिया और उनके मार्गदर्शन में आज इसका स्थायी समाधान शुरू हो सका है। उन्होंने कहा कि वार्ड 15 और 09 के विभिन्न मोहल्लों में भी पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। महापौर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यही कारण है कि निगम क्षेत्र में लगातार करोड़ों रुपये के विकास कार्य धरातल पर उतर रहे हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, वार्ड पार्षद प्रेमलता बंजारे, राधा महंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






