रजत महोत्सव में बिजली उपभोक्ताओं का सम्मान, ऊर्जा जागरूकता का संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
प्रदेश के 660 स्थानों पर आयोजन, 15 हजार सजग उपभोक्ता सम्मानित
रायपुर,ACGN:- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा आयोजित सात दिवसीय प्रदेशव्यापी रजत महोत्सव का भव्य समापन हो गया। इस महोत्सव के दौरान प्रदेशभर में 660 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बिजली उपभोक्ताओं को विद्युत विकास यात्रा से रूबरू कराया गया और ऊर्जा क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया गया।

रजत महोत्सव के तहत करीब 15 हजार सजग विद्युत उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया। इनमें नियमित बिजली बिल भुगतान करने वाले घरेलू और गैर-घरेलू उपभोक्ता, सीमित खपत वाले एकल बत्ती कनेक्शनधारी, कृषक जीवन ज्योति योजना, पीएम जनमन योजना और पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थी शामिल रहे। सम्मान समारोह के साथ-साथ विद्युत विकास को दर्शाती प्रदर्शनियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने बताया कि 30 जनवरी से 6 फरवरी तक राज्य के आठ क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत 535 वितरण केंद्रों, 68 संभागीय कार्यालयों और क्षेत्रीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बच्चों और युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
विद्यालयीन और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के बीच ऊर्जा बचत को लेकर चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से बिजली बचाने का मजबूत संदेश दिया। पूरे महोत्सव के दौरान एक लाख से अधिक उपभोक्ता और विद्यार्थी इन गतिविधियों से जुड़े।
राज्य सरकार के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ऊर्जा क्षेत्र में नई परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है, ताकि आने वाले वर्षों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया जा सके। रजत महोत्सव के माध्यम से राज्य गठन के बाद बीते 25 वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति को आम लोगों के सामने रखा गया, जिससे उपभोक्ताओं में जागरूकता और विश्वास दोनों बढ़ा है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






