मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला का किया औचक निरीक्षण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647 9817119303 948009
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने दिए गए कई अहम निर्देश
कोरबा।कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी द्वारा लगातार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 04 जनवरी 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. केशरी ने स्वास्थ्य केंद्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी, ओपीडी एवं आईपीडी सेवाएं, प्रसव कक्ष, पीएनसी कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, दवा वितरण कक्ष, दवा भंडार, इंटीग्रेटेड लैब, दंत चिकित्सा कक्ष, एनआरसी, ब्लड स्टोरेज यूनिट, आयुष ओपीडी, मितानिन हेल्पडेस्क, आईपीडी स्टोर, शीत श्रृंखला कक्ष तथा टीकाकरण कक्ष का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई को और बेहतर करने, मुख्य द्वार पर साफ-सफाई हेतु पैरदान लगाने, ओपीडी में आभा आईडी निर्माण की स्थिति की जानकारी लेने तथा आईईसी सामग्री का प्रभावी प्रदर्शन करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान मित्र कक्ष में कार्यरत ऑपरेटर को आभा आईडी बनाने हेतु अधिकृत करने तथा मितानिन हेल्पडेस्क में तैनात कर्मियों को अस्पताल में आने वाले मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने और आभा आईडी बनाने में सहयोग करने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का रोस्टर बनाकर कार्य आवंटन करने, उनकी उपस्थिति पंजी संधारित करने, आईपीडी में बेडशीट एवं अन्य लिनन की नियमित साफ-सफाई हेतु एक कर्मचारी को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थागत प्रसव की प्रगति बढ़ाने, एएनसी पंजीयन में प्राइमिपारा एवं मल्टीपारा का स्पष्ट उल्लेख करने तथा सभी प्राइमिपारा गर्भवती महिलाओं को उच्च जोखिम समूह मानते हुए जांच एवं प्रसव पीएचसी/सीएचसी में ही सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया।

डॉ. केशरी ने सभी गर्भवती महिलाओं का आरसीएच पोर्टल में शत-प्रतिशत पंजीयन करने, आईपीडी स्टोर में सामग्री को सुव्यवस्थित रखने, शीत श्रृंखला कक्ष में फ्रीजर के तापमान की नियमित मॉनिटरिंग करने, ऑपरेशन थियेटर में विसंक्रमण पर विशेष ध्यान देने, ऑक्सीजन सिलेंडरों को स्टरलाइज्ड रखने तथा इंटीग्रेटेड लैब में बायोकेमिस्ट्री फुली ऑटो एनालाइजर का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही ब्लड स्टोरेज यूनिट में रक्त संग्रहण एवं उसके संधारण की समुचित व्यवस्था रखने, आरबीएसके वाहन के अभिलेख संधारित करने तथा जीवनदीप समिति की साधारण सभा वर्ष में दो बार एवं कार्यकारिणी बैठक वर्ष में चार बार आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने खंड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सभी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए आमजन को इनके प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन करने एवं मुख्यालय में निवास करने के भी निर्देश दिए।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






