सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को मिला सहारा, मंत्री लखनलाल देवांगन ने बांटी साइकिलें
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी विद्यालय एनसीडीसी में 68 छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा को बताया विकास की असली ताकत
कोरबा ACGN :- स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय एनसीडीसी में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यालय की 68 छात्राओं को साइकिल प्रदान की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। बेटियां अगर आगे बढ़ेंगी तो समाज और प्रदेश दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने छात्राओं को खूब पढ़ने और आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सोच है कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार हो और छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिलें। इसी दिशा में जर्जर शासकीय स्कूल भवनों के नए निर्माण कराए जा रहे हैं, स्कूलों में निःशुल्क नाश्ता दिया जा रहा है और मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों को दूर करना है, ताकि वे नियमित रूप से पढ़ाई कर सकें।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने भी योजना की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के लिए उपयोगी बताया। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने इसे पढ़ाई जारी रखने में सहायक बताया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, पार्षद सिमरन कौर, पार्षद मुकुंद कंवर, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, शाला प्रतिनिधि यासीन खान, मिलाप बरेठ, ज्योति वर्मा, श्रीधर द्विवेदी, अर्चना रूनीझा, मंदाकिनी त्रिपाठी, विद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका फिलिप्स सहित अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






