रेलवे साइडिंग से हुई चोरी का खुलासा: पसान पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे दो आरोपी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा पसान
By ACGN 7647981711, 9303948009
निर्माण क्षेत्र से 22 लोहे की सेटरिंग प्लेट चोरी, कबाड़ी यार्ड से मशरूका बरामद
चोरी की रकम समेत दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे साइडिंग तेलियामार में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। निर्माणाधीन क्षेत्र से चोरी किए गए लोहे के सेटरिंग प्लेट न केवल बरामद कर लिए गए हैं, बल्कि चोरी की बिक्री से प्राप्त नकद राशि भी जब्त की गई है। पुलिस की इस कार्यवाही से क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों को कड़ा संदेश गया है।
घटना रेलवे साइडिंग चैनज नंबर 96, तेलियामार की है, जहां कंस्ट्रक्शन एरिया में रखे गए लगभग 22 नग लोहे के सेटरिंग प्लेट दिनांक 4 और 5 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। मामले की रिपोर्ट प्रार्थी शैलेस कुमार यादव द्वारा थाना पसान में दर्ज कराई गई थी, जिस पर अपराध क्रमांक 31/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नितिश ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में थाना प्रभारी पसान चन्द्रपाल खाण्डे और उनकी टीम ने लगातार पतासाजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात को दीपक कुमार साहू उर्फ पप्पू साहू (33 वर्ष, निवासी पसान) और नरेश तिर्की (35 वर्ष, निवासी तेलियामार) ने अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों ने चोरी किए गए लोहे के सेटरिंग प्लेट को पेण्ड्रा स्थित कबाड़ी ताहिर अंसारी के पास बेच दिया था।

पुलिस ने त्वरित दबिश देते हुए कबाड़ी के यार्ड से चोरी गया मशरूका बरामद किया और साथ ही चोरी की बिक्री से प्राप्त ₹7,300/- नकद राशि भी जब्त की। दोनों आरोपियों को दिनांक 05 फरवरी 2026 को क्रमशः रात 9:30 बजे एवं 9:40 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पसान थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में निर्माण कार्यों और रेलवे साइडिंग क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक और औद्योगिक संपत्ति से जुड़ी चोरी के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पुलिस की इस कार्यवाही से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति आमजन का भरोसा मजबूत हुआ है, वहीं निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों और कंपनियों ने भी राहत की सांस ली है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता वेबपोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं आपके लिए निष्पक्ष निर्भीक एवं सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






