कर्मचारियों की सूझ-बूझ से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी को करोड़ों की बचत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
उत्कृष्ट कार्यों से आर्थिक नुकसान रोका, 12 विद्युत कर्मी किए गए सम्मानित
रायपुर ACGN :- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में कार्यरत 12 विद्युत कर्मियों को उनके उत्कृष्ट, दूरदर्शी और जिम्मेदार कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान कंपनी के प्रबंध निदेशक जनरेशन एस के कटियार के हाथों प्रदान किया गया। इन कर्मियों की सूझ-बूझ, तकनीकी दक्षता और प्रशासनिक सतर्कता के कारण कंपनी को कई करोड़ रुपये की संभावित हानि से बचाया जा सका, जिससे न केवल आर्थिक मजबूती मिली बल्कि भविष्य के जोखिम भी टले।
सम्मान समारोह के दौरान प्रबंध निदेशक एस के कटियार ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन असाधारण रूप से किया है, उन्हें सम्मानित करना प्रबंधन का दायित्व है। इससे अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिलती है और कार्यालयीन वातावरण सकारात्मक बनता है।
सम्मानित कर्मियों में पराग हरिनखेरे, सहायक अभियंता शामिल हैं, जिनके प्रयास से गारे पेलमा सेक्टर-तीन कोयला खदान से जुड़े आर्बिट्रेशन प्रकरण में न्यायालय द्वारा कंपनी के पक्ष में निर्णय दिया गया और लगभग 195 करोड़ रुपये की संभावित हानि से कंपनी को राहत मिली। अनिल कुमार शर्मा, अधीक्षण अभियंता (सिविल) द्वारा कोरबा पश्चिम एवं पूर्व स्थित संयंत्रों और कॉलोनी परिसरों में सिविल मेंटनेंस कार्यों के प्रभावी संचालन से कंपनी को लगभग दो करोड़ रुपये प्रतिवर्ष की संभावित आय सुनिश्चित हुई।
दीपक कोठारी, अधीक्षण अभियंता द्वारा 660-660 मेगावाट परियोजना की स्थापना के लिए पर्यावरण अनापत्ति से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं, मूल्यांकन प्रतिवेदन, जनसुनवाई और अनुपालन कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए गए। आशीष सिंह चंदेल, सहायक अभियंता द्वारा 2000 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए छत्तीसगढ़ ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के गठन और 6 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर परियोजना की निविदा प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।

हेमंत कुमार साहू, कार्यपालन अभियंता ने हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा (पश्चिम) में 47 निविदाओं का कुशल निष्पादन कर लगभग 5.5 करोड़ रुपये की बचत कराई। जयराम केंवट, कार्यालय सहायक श्रेणी-दो द्वारा देयकों का समय पर निपटान किए जाने से कंपनी को किसी भी प्रकार की देनदारी या आयकर संबंधी नोटिस का सामना नहीं करना पड़ा। नीरज साहू, प्रबंधक (वित्त) द्वारा वेतन, पेंशन और वैधानिक कटौतियों का समय पर भुगतान सुनिश्चित कर वित्तीय भार से कंपनी को सुरक्षित रखा गया।
नीतू मुखर्जी, उप महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के प्रयासों से एजी ऑडिट में लंबित निरीक्षण प्रतिवेदन निरस्त हुए और आंतरिक ऑडिट व वार्षिक बजट प्रक्रिया को समय से पहले पूरा किया गया। अमिता बारा, कार्यपालन अभियंता द्वारा आईटी उन्नयन, आईएसओ 27001 प्रमाणन, ओटी सिस्टम ऑडिट और नेटवर्क सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया। मनीष कुम्भकार, अधीक्षण अभियंता द्वारा कोरबा (पश्चिम) इकाई क्रमांक 1 और 4 का वार्षिक रख-रखाव निर्धारित समय में पूर्ण किया गया।
देवांश सराफ, कार्यपालन अभियंता द्वारा आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली का सफल क्रियान्वयन किया गया, वहीं देवलाल साहू, अधीक्षण अभियंता द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू किया गया, जिससे कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और गति आई।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






