मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से सुदूर वनांचल के गांवों का सफर हुआ आसान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
स्वास्थ्य कर्मी, छात्र और ग्रामीण पा रहे सुरक्षित, सुलभ और समयबद्ध परिवहन सुविधा
रायपुर, 03 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने सुदूर वनांचल, विशेषकर बस्तर और सरगुजा क्षेत्रों के ग्रामीणों की यात्रा को आसान और सुरक्षित बना दिया है। इस योजना के तहत दूरस्थ गांवों को जिला मुख्यालय, स्कूल, अस्पताल और रेलवे स्टेशनों से जोड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की गतिविधियों में सुविधा मिली है।
दूरस्थ अंचलों में पहुंची बस सेवा, ग्रामीणों में उत्साह
सरगुजा जिले के बादा, बरियों, चारपारा, ककना, सिधमा, अखोराखुर्द, रूखपुर, चिखलाडीह, नर्मदापारा, सरगवां और अम्बिकापुर तक बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों में भारी उत्साह है। स्वास्थ्य कर्मी, छात्र और आम लोग अब अपने गंतव्य तक सुरक्षित और समय पर पहुंच पा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की दूरदर्शिता और संवेदनशीलता का परिणाम है कि दूरस्थ अंचलों में भी अब विकास की गूंज सुनाई दे रही है।
स्वास्थ्य कर्मियों और छात्रों के लिए वरदान

शहरी स्वास्थ्य अस्पताल में कार्यरत श्रीमती परमानिया पैकरा ने कहा कि पहले ड्यूटी पर समय पर पहुंचना और सुरक्षित घर लौटना मुश्किल था, लेकिन अब बस सेवा से उनके जीवन में सुविधा आई है। छात्राओं लक्ष्मी और निशा ने बताया कि अब उन्हें लंबे पैदल सफर या बाइक यात्रा करने की आवश्यकता नहीं है, बस उनके घर के पास से ही चलती है, जिससे शिक्षा में रुकावट नहीं आती।
सुदूर वनांचल के ग्रामीणों को मिली स्वतंत्रता

सिदमा गाँव के दिव्यांशु सिंह ने बताया कि पहले उन्हें रोजाना 5 किलोमीटर पैदल या बाइक से सफर करना पड़ता था, लेकिन अब बस सुविधा मिलने से समय की बचत और सुविधा दोनों मिली है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना: सुशासन का प्रतीक

इस योजना के माध्यम से सुदूर वनांचल के ग्रामीण शहर की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। नियमित बस संचालन से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना केवल एक वाहन नहीं, बल्कि सुशासन और विकास का भरोसा है, जिसने अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज सरगुजा के सुदूर वनांचल की सड़कों पर दौड़ती मुख्यमंत्री ग्रामीण बस प्रदेश की प्रगति की नई कहानी गढ़ रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






