रायपुर सेंट्रल ने टेबल टेनिस में लहराया परचम, कोरबा पश्चिम को मिला उपविजेता का सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647 9817119303 948009
कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार मुकाबलों के बीच रायपुर सेंट्रल की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम की टीम को रनरअप से संतोष करना पड़ा। सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में रायपुर सेंट्रल ने कोरबा पश्चिम को 3–1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने विजेता रायपुर सेंट्रल टीम और खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मेंस सिंगल मुकाबले में दुर्ग रीजन के रजनीश ओबेराय ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत हासिल की, वहीं एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के टी.पी. सिंह को रनरअप घोषित किया गया। मेन्स डबल में रायपुर सेंट्रल के प्रशांत बापट और अनुराग शर्मा ने बाजी मारी, जबकि टी.पी. सिंह और बिलासपुर रीजन के समीर तिवारी की जोड़ी उपविजेता रही। विमेंस सिंगल में रायपुर की दिव्या आमडे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और दुर्ग की शोभना सिंह रनरअप रहीं।
इस वर्ष अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता की मेजबानी हसदेव ताप विद्युत संयंत्र, कोरबा पश्चिम को मिली थी। रविंद्र सांस्कृतिक मंच (सीनियर क्लब) भवन में आयोजित इस स्पर्धा में पावर कंपनीज की सात टीमों—रायपुर सेंट्रल, दुर्ग रीजन, डीएसपीएम कोरबा पूर्व, एबीटीवीएस मड़वा, रायपुर रीजन, एचटीपीएस कोरबा पश्चिम और बिलासपुर रीजन—ने भाग लिया।
समापन समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. पांडेय, के.एन.बी. राव, एस.सी. पाठक, एस.के. नायर और परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या उपस्थित रहे। क्षेत्रीय क्रीड़ा सचिव अविनेश पाठक ने सफल आयोजन के लिए खेल समिति का आभार जताया और खिलाड़ियों की सराहना की।
प्रतियोगिता के आधार पर अखिल भारतीय पावर कंपनी प्रतियोगिता के लिए 14 खिलाड़ियों का चयन किया गया। पुरुष टीम में रजनीश ओबेराय, टी.पी. सिंह, अनुराग शर्मा, अनिल अग्रवाल, प्रशांत बापट, समीर तिवारी, सागर पिंपलापुरे और विवेक पटेल को जगह मिली है। वहीं महिला टीम में दिव्या आमडे, शोभना सिंह, उपासी धाकड़, मोनिका दीवान, श्रद्धा वर्मा और निरंजना गवेल का चयन हुआ है। यह चयन राज्य के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






