विकसित भारत 2047 की मजबूत नींव रखने वाला ऐतिहासिक बजट : प्रधानमंत्री
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
नई दिल्ली
By ACGN 7647 9817119303 948009
केंद्रीय बजट 2026 पर प्रधानमंत्री का संदेश
नई दिल्ली, 1 फरवरी 2026। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम अपने संदेश में इसे ऐतिहासिक और भविष्य निर्माण करने वाला बजट बताया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट नारीशक्ति के सशक्त प्रतिबिंब को दर्शाता है और महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत किया जाना अपने आप में एक नया कीर्तिमान है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि अवसरों का राजमार्ग है, जो वर्तमान के सपनों को साकार करते हुए भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है और विकसित भारत 2047 की ऊंची उड़ान का आधार बनता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है और इस बजट से सुधारों की इस यात्रा को नई ऊर्जा और नई गति मिलेगी। बजट में किए गए पाथ-ब्रेकिंग रिफॉर्म्स आकांक्षाओं से भरे भारत के साहसी और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के लिए खुला आकाश प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट ट्रस्ट बेस्ड गवर्नेंस और ह्यूमन सेंट्रिक इकोनॉमी के विज़न को साकार करता है, जिसमें एक ओर राजकोषीय घाटे को कम करने और महंगाई को नियंत्रित करने पर ध्यान दिया गया है, वहीं दूसरी ओर उच्च पूंजीगत व्यय और तेज आर्थिक वृद्धि के बीच संतुलन साधा गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट भारत की वैश्विक भूमिका को भी नए सिरे से सशक्त करता है। भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने से संतुष्ट नहीं है, बल्कि देश का संकल्प है कि वह शीघ्र ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने। उन्होंने कहा कि भारत एक ट्रस्टेड डेमोक्रेटिक पार्टनर और ट्रस्टेड क्वालिटी सप्लायर के रूप में वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। हाल के वर्षों में भारत द्वारा की गई बड़ी व्यापारिक संधियों का अधिकतम लाभ देश के युवाओं, लघु और मध्यम उद्योगों को मिले, इसके लिए इस बजट में ठोस और निर्णायक कदम उठाए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने बजट में मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई रफ्तार देने वाले रोडमैप की सराहना की। उन्होंने कहा कि बायोफार्मा शक्ति मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग, रेयर अर्थ कॉरिडोर, क्रिटिकल मिनरल्स पर विशेष बल, टेक्सटाइल सेक्टर की नई योजनाएं, हाई-टेक टूल मैन्युफैक्चरिंग और चैंपियन एमएसएमई तैयार करने जैसे प्रावधान देश की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि एमएसएमई और कुटीर उद्योगों को मिला यह समर्थन उन्हें लोकल से ग्लोबल बनने की नई ताकत देगा।
उन्होंने कहा कि बजट में अवसंरचना को मजबूत करने के लिए बड़े और दूरगामी फैसले लिए गए हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, देशभर में जलमार्गों का विस्तार, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और टियर-2 व टियर-3 शहरों के विकास पर विशेष ध्यान विकसित भारत की यात्रा को और तेज करेंगे। नगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए म्युनिसिपल बॉन्ड्स को बढ़ावा देने का निर्णय भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी उसके नागरिक होते हैं और सरकार ने बीते वर्षों में नागरिकों की क्षमता बढ़ाने पर अभूतपूर्व निवेश किया है। उन्होंने इस बजट को युवा शक्ति बजट बताते हुए कहा कि इसमें युवाओं की सोच, सपने, संकल्प और गति सभी झलकते हैं। मेडिकल हब्स के निर्माण, एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स के लिए अवसर, ऑडियो-विजुअल और गेमिंग जैसे ऑरेंज इकोनॉमी सेक्टर को बढ़ावा, पर्यटन और खेलो इंडिया मिशन के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि भारत को वैश्विक डेटा सेंटर हब बनाने के लिए टैक्स में दी गई छूट से रोजगार सृजन को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और यह अभियान अत्यंत सफल रहा है। बजट में महिलाओं द्वारा निर्मित और महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों के आधुनिक इकोसिस्टम को प्राथमिकता दी गई है, ताकि हर घर में आर्थिक समृद्धि पहुंचे। हर जिले में छात्राओं के लिए नए छात्रावासों का निर्माण शिक्षा को और अधिक सुलभ बनाएगा।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने हमेशा कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन और पशुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इस बजट में नारियल, काजू, कोको और चंदन जैसी फसलों से जुड़े किसानों के लिए अहम कदम उठाए गए हैं। भारत विस्तार एआई टूल के माध्यम से किसानों को उनकी भाषा में जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनाया जाएगा। मत्स्य पालन और पशुपालन में उद्यमिता को बढ़ावा देने से गांवों में ही रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि यह बजट महत्वाकांक्षी भी है और देश की आकांक्षाओं को संबोधित करने वाला भी। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम को इस संवेदनशील, भविष्यवादी और गांव-गरीब-किसान के कल्याण पर केंद्रित बजट के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि यह बजट भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






