ट्रेलर से टायर चोरी मामले में जूटमिल पुलिस की बड़ी सफलता, दो फरार आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्य खरीदार नेटवर्क तक पहुंची पुलिस, 15 टायर चोरी मामले में गिरोह का भंडाफोड़, एक आरोपी अब भी फरार
रायगढ़ ACGN :-थाना जूटमिल पुलिस ने ट्रेलर से टायर चोरी के एक संगठित प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में की गई। लगातार दबिश और सूझबूझ भरी विवेचना के चलते पुलिस न केवल आरोपियों तक पहुंची बल्कि चोरी गए टायरों की खरीद–फरोख्त करने वाले नेटवर्क का भी पर्दाफाश करने में सफल रही है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी शुभम अग्रवाल उम्र 28 वर्ष निवासी बरमकेला ने 5 अक्टूबर को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके तथा उसके परिचित के तीन ट्रेलर वाहन 30 सितंबर को एनटीपीसी लारा से फ्लाई ऐश लोड कर पाटन रायपुर के लिए रवाना हुए थे। 2 अक्टूबर को तीनों ट्रेलर चालकों के मोबाइल फोन बंद हो गए और वे संपर्क से बाहर हो गए। बाद में छातामुड़ा के पास तीनों ट्रेलर लावारिस हालत में खड़े मिले, जिनमें से कुल 15 टायर डिस्क सहित चोरी हो चुके थे। चोरी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 350/2025 धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर पहले चरण में नरेश महंत, गौरव सिंह और मोहम्मद फिरोज को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चार नग चोरी के टायर तथा घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन क्रमांक CG-13-AU-7299 जप्त किया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि शेष 11 टायर सक्ती जिले में बेच दिए गए हैं, जिस पर प्रकरण में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई।
लगातार पतासाजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम छपोरा स्थित चन्द्रा ढाबा से फरार आरोपियों फुलेश्वर चन्द्रा और मोहम्मद टिंकु उर्फ टिंकु खान को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी किए गए 11 टायर डिस्क सहित खरीदकर आगे ट्रक चालकों को बेच देना स्वीकार किया। आरोपियों के पास से चोरी की राशि में से बची 900 रुपये की नकद रकम भी जप्त की गई। दोनों आरोपियों को 30 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में फुलेश्वर चन्द्रा पिता दुकालु राम चन्द्रा उम्र 40 वर्ष निवासी अमलीडीह थाना हसौद जिला सक्ती तथा मोहम्मद टिंकु उर्फ टिंकु खान पिता साह मोहम्मद उम्र 40 वर्ष निवासी खेसरहिया पोस्ट सिघाहा थाना महुआ जिला वैशाली बिहार हाल मुकाम मालखरौदा थाना मालखरौदा जिला सक्ती शामिल हैं। मामले का एक आरोपी सतीश कुमार अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जूटमिल पुलिस की इस सतत और प्रभावी कार्रवाई से ट्रेलर टायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा, ताकि आमजन में कानून व्यवस्था और सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र पटेल, आरक्षक शशि भूषण साहू एवं आरक्षक लकेश्वर पुरसेठ की अहम भूमिका रही है, जिनकी सतर्कता और मेहनत से इस संगठित चोरी के नेटवर्क का खुलासा संभव हो सका।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






