विक्षिप्त व्यक्ति को मिली समय पर सहायता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की मानवीय पहल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालोद, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
पुरुर बस स्टैंड क्षेत्र से बरामद व्यक्ति का अस्पताल में कराया गया उपचार
बालोद ACGN :- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद द्वारा एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। पुरुर बस स्टैंड क्षेत्र में कई दिनों से रह रहे एक विक्षिप्त व्यक्ति की दयनीय स्थिति की सूचना मिलने पर प्राधिकरण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से गंभीर अवस्था में था तथा उसके पास न तो रहने की समुचित व्यवस्था थी और न ही किसी प्रकार के उपचार की सुविधा। सूचना मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव भारती कुलदीप ने मामले को संज्ञान में लिया और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद से संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

मार्गदर्शन के पश्चात जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम द्वारा विक्षिप्त व्यक्ति को सुरक्षित रूप से गुरूर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार शुरू किया। चिकित्सकीय जांच में यह सामने आया कि व्यक्ति लंबे समय से मानसिक और शारीरिक पीड़ा से ग्रस्त है तथा उसे निरंतर चिकित्सकीय देखरेख की आवश्यकता है। बेहतर उपचार को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकों की सलाह पर उसे शासकीय जिला चिकित्सालय बालोद रेफर किया गया, ताकि उसका नियमित और समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव भारती कुलदीप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यक्ति के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उसकी स्थिति में सुधार होने तक सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस कार्रवाई के माध्यम से प्राधिकरण ने यह संदेश दिया कि समाज के उपेक्षित, असहाय और मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्तियों की सहायता करना केवल प्रशासनिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी भी है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों को संरक्षण, चिकित्सा और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


