जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, दुर्घटनाओं की रोकथाम पर जोर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालोद, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
नशापान, तेज गति और बिना हेलमेट वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बालोद ACGN :- जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनकी रोकथाम के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने नशापान और तेज गति से वाहन चलाने को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए पुलिस, यातायात और संबंधित विभागों को इसके लिए पुख्ता कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित मार्गों और स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने नियमित जांच अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से ड्राइविंग करने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने के निर्देश पेट्रोल पंप संचालकों को जारी करने की बात कही। उन्होंने वाहन चालकों के लाइसेंस की जांच कर बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में स्कूली बसों और बच्चों को ले जाने वाले अन्य वाहनों की नियमित फिटनेस जांच सुनिश्चित करने तथा 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए स्कूलों में भी नियमित जांच अभियान चलाने पर जोर दिया गया। सड़क किनारे अतिक्रमण कर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने जिले में सड़क दुर्घटना रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और सड़कों व चौराहों पर आवारा मवेशियों की रोकथाम तथा गुड सेमेरिटन से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से जुड़े अधिकारियों तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर अनिवार्य रूप से ट्रैफिक सिग्नल लगाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और उपस्थित अधिकारियों ने भी सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर अपने सुझाव रखे। बैठक में लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता पूर्णिमा चंद्रा, जिला परिवहन अधिकारी प्रकाश रावटे, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग के अनुविभागीय अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






