व्यापम ने शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए जारी किए दिशा-निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालोद, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने परीक्षार्थियों से नियमों का पालन कर सहयोग करने की अपील की
बालोद ACGN :- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने 01 फरवरी 2026 को आयोजित छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने वाले जिले के सभी अभ्यर्थियों से व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग करने की अपील की है।
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अनिवार्य रूप से करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा दिवस किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा, जिससे फ्रिस्किंग और फोटो युक्त मूल पहचान पत्र के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
व्यापम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे प्रारंभ होने के कारण मुख्य द्वार सुबह 9 बजे तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे प्रारंभ होने पर मुख्य द्वार दोपहर 2.30 बजे बंद कर दिया जाएगा।
परीक्षार्थियों के लिए हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य किया गया है। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित रहेगा। साधारण स्वेटर बिना पॉकेट की अनुमति होगी, जिसे सुरक्षा जांच के समय उतारकर जांच कराना अनिवार्य होगा। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा और अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
दिशा-निर्देशों में बताया गया है कि परीक्षार्थी फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनकर आएं। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। अनुचित साधनों के प्रयोग पर कठोर कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थी केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन लेकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 01 फरवरी 2026 को राज्य के 20 जिलों में छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली में प्राथमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु लगभग 1 लाख 19 हजार तथा द्वितीय पाली में माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु लगभग 2 लाख 05 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






