खदान संचालन में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लगातार पांचवें वर्ष अव्वल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर (छत्तीसगढ़)
By ACGN 7647981711, 9303948009
65 खदानों की स्पर्धा में गारे पेलमा खदान-3 ने 7 श्रेणियों में हासिल की अग्रणी उपलब्धि
रायपुर ACGN :- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड की गारे पेलमा खदान-3 ने खदान संचालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लगातार पांचवें वर्ष शीर्ष स्थान हासिल किया है। कोयला खदान सुरक्षा एवं प्रबंधन के विभिन्न मानकों पर बेहतरीन कार्यनिष्पादन के लिए इस खदान को कुल 7 पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एस. के. कटियार एवं उनकी टीम द्वारा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन एवं जनरेशन कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव को ये ट्रॉफियां सौंपकर इस उपलब्धि की जानकारी दी गई।
अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने जनरेशन कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्युत कर्मियों की प्रतिबद्धता, अनुशासन और तकनीकी कौशल का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की कार्यसंस्कृति को बनाए रखते हुए भविष्य में भी उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
उल्लेखनीय है कि सीएसपीजीसीएल बिजली उत्पादन के साथ-साथ कोयला खदान संचालन का कार्य भी सफलतापूर्वक कर रही है, जो परंपरागत ढांचे से हटकर एक उल्लेखनीय पहल है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन महानिदेशालय खान सुरक्षा द्वारा आयोजित वार्षिक कोयला खान सुरक्षा पखवाड़ा 2025 के तहत गारे पेलमा खदान-3 को विभिन्न श्रेणियों में यह सम्मान प्रदान किया गया। ओवरऑल ग्रुप ई श्रेणी, जिसमें 3 मिलियन टन से 5 मिलियन टन उत्पादन क्षमता वाली खदानें शामिल थीं, उसमें गारे पेलमा खदान-3 ने सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के आधार पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। यह खदान बीते पांच वर्षों से इस श्रेणी में लगातार प्रथम स्थान पर बनी हुई है।
बैकुंठपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 65 खदानों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की इस खदान को ओवरऑल ग्रुप ई श्रेणी में प्रथम पुरस्कार के साथ-साथ सेफ्टी मैनेजमेंट प्लान, विस्फोटक प्रबंधन और माइंस में प्रकाश व्यवस्था श्रेणी में भी प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। वहीं माइन वर्किंग, डंप मैनेजमेंट, रिक्लेमेशन एवं अफॉरेस्टेशन तथा सर्वेक्षण श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार हासिल कर समग्र रूप से कुल 7 पुरस्कार अपने नाम किए गए। कार्यक्रम के दौरान कंपनी द्वारा प्रदर्शन स्थल पर स्टॉल भी लगाए गए।
प्रबंध निदेशक एस. के. कटियार ने अध्यक्ष को खदान संचालन और पुरस्कारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी कंपनी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि गारे पेलमा खदान सभी सुरक्षा नियमों और मानकों का सफलतापूर्वक पालन कर रही है तथा 500-500 मेगावाट क्षमता वाली एबीवीटीपीएस मड़वा परियोजना को निर्बाध रूप से कोयले की आपूर्ति कर प्रदेश को सतत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। कंपनी की टीम सुरक्षित, कुशल और सटीक संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अभियंता सिविल परियोजना-1 देवेंद्र नाथ ने कंपनी का प्रतिनिधित्व करते हुए पुरस्कार ग्रहण किए।

प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






