कोरबा पुलिस ने तड़के सुबह लूट और डकैती के अपराध में संलिप्त आरोपियों की थाना एवं चौकियों में परेड कर दिया सख्त संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा (छत्तीसगढ़)
By ACGN 7647 9817119303 948009
कुल 102 आरोपियों को थाना तलब किया गया।
कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और असामाजिक एवं अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को कड़े और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए थे।

निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों के अनुभागीय अधिकारी (एसडीओपी) तथा समस्त थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत अपराधियों के विरुद्ध त्वरित, प्रभावी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।

इसी क्रम में कोरबा पुलिस ने आज तड़के सुबह लगभग 04:00 बजे से जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत लूट, डकैती एवं अन्य गंभीर अपराधों में पहले संलिप्त और सजा प्राप्त कर चुके आदतन अपराधियों को उनके निवास स्थानों से तलब किया गया और थाना परिसरों में विधिवत परेड कराई गई।

उक्त विशेष अभियान के दौरान कुल 102 लूट और डकैती के अपराधियों को तलब किया गया। थाना स्तर पर आरोपियों का सत्यापन, रिकॉर्ड परीक्षण और काउंसलिंग की गई। सभी आरोपियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त न होने की सख्त हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान सक्रिय आरोपियों के खिलाफ थाना एवं चौकियों द्वारा परिस्थितियों के अनुसार धारा 110, 107, 116(3), 129 बीएनएसएस के तहत विधिवत कार्यवाही की गई और कई आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। आदतन अपराधियों का हिस्ट्री सेट खोला जाएगा, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और अपराधों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट रूप से संदेश दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, आदतन अपराधी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तत्काल नजदीकी थाना/चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






