उद्योग मंत्री ने साढ़े 47 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
नारियल तोड़कर सड़क, कॉलेज और स्कूल भवन निर्माण कार्यों की हुई शुरुआत
कोरबा ACGN :- प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने शनिवार को महापौर संजूदेवी राजपूत सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में साढ़े 47 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले महत्वपूर्ण विकास कार्यों की नारियल तोड़कर शुरुआत कराई। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे हों और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
इन विकास कार्यों में 29 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से झगरहा–कोरकोमा–पसरखेद–चचिया मार्ग का निर्माण, 7 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से सक्ती से कोरबा मार्ग के बीच 3.40 किलोमीटर सड़क का उन्नयन, 1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से रिंग रोड मुख्य मार्ग से डिंगापुर पहुंच मार्ग का निर्माण, 1 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से मुड़ापार से दादर भालुसटका होते हुए रिसदी बायपास तक दो लेन सड़क निर्माण शामिल है। इसके साथ ही 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से शासकीय नवीन महाविद्यालय रामपुर का भवन, 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से पीडब्ल्यूडी रामपुर हायर सेकेंडरी स्कूल भवन तथा 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदनपुर के भवन निर्माण कार्य भी प्रारंभ कराए गए।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की सौगात पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दी थी और अब राज्य को संवारने का काम हमारी सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के 15 वर्षों के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ ने विकास के नए आयाम छुए। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन से कोरबा सहित पूरे प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि केवल जिला खनिज न्यास मद से ही कोरबा जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में करीब 3000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिससे आने वाले समय में जिले की सड़कों और बुनियादी सुविधाओं का कायाकल्प होगा।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि निगम का लक्ष्य राजनीति से ऊपर उठकर बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराना है। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने महापौर कार्यकाल में कोरबा को विकास की नई दिशा दी थी और आज मंत्री के रूप में भी उनका सहयोग लगातार मिल रहा है। उनके प्रयासों से विकास कार्यों के लिए लगातार फंड उपलब्ध हो रहा है और आने वाले समय में कोरबा को एक समस्याविहीन शहर बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, एमआईसी सदस्य ममता यादव, अजय गोंड, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, प्रताप सिंह कंवर, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, महामंत्री अजय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






