रायगढ़ पुलिस का अवैध कबाड़ पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार
भोर में 24 ठिकानों पर एकसाथ छापे, 4.90 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त, 17 आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़ | छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
रायगढ़, जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में आज तड़के सुबह जिलेभर में एकसाथ 24 ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की गई।
मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं की तस्दीक के बाद गठित विशेष पुलिस टीमों ने कबाड़ की अवैध खरीदी-बिक्री करने वालों के गोदामों, परिवहन वाहनों और संग्रह स्थलों पर दबिश दी। इस व्यापक कार्रवाई में 14 बड़े-छोटे वाहन जब्त किए गए तथा 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाखा में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो 10 चक्का ट्रक, दो माजदा वाहन और एक बोलेरो में लोड अवैध कबाड़ जब्त किया गया। वहीं चिराईपानी रोड किनारे सिकंदर कबाड़ी के गोदाम से 46 टन कबाड़ बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। मौके से हाईवा और ट्रक में लोड छोटी-बड़ी गाड़ियों के पार्ट्स, लोहे के पाइप, सरिया, एंगल, खाली सिलेंडर और हाइड्रोलिक मशीनें भी मिलीं।

पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने 6 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 3 ट्रकों के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लगभग 67 टन अवैध कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 34 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।
पुसौर क्षेत्र में 3 स्थानों पर हुई कार्रवाई में 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिनसे एक टाटा 710 वाहन और 4 टन से अधिक कबाड़ जब्त किया गया। इसी प्रकार चक्रधरनगर एवं भूपदेवपुर में 3-3 स्थानों पर, कोतरारोड़ एवं खरसिया में 2-2 स्थानों पर तथा धरमजयगढ़ और तमनार में 1-1 स्थान पर पुलिस ने दबिश दी।
पूरे जिले में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 120 टन 331 किलो अवैध कबाड़ बरामद किया गया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 4 करोड़ 90 लाख 54 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इसके अतिरिक्त अन्य थानों में भी कार्रवाई लगातार जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों और अवैध कबाड़ कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है। आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई की जाएगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






