चिरायु बना वरदान, हृदय रोग से पीड़ित दिव्या अब जी रही है सामान्य जिंदगी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा | छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
निःशुल्क हृदय ऑपरेशन से बदली मासूम की किस्मत, अब पढ़ाई-खेलकूद में आगे
कोरबा विकासखंड के ग्राम मंडीपारा भैंसमा निवासी कुमारी दिव्या खड़िया, आत्मजा श्रवण कुमार खड़िया, प्राथमिक शाला में कक्षा दूसरी की छात्रा है। छोटी उम्र में ही दिव्या को चलने-फिरने, खेलने-कूदने के दौरान सांस फूलने जैसी गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस स्थिति से उसके माता-पिता और शिक्षक दोनों ही चिंतित रहते थे।
जब चिरायु योजना (आरबीएसके) की स्वास्थ्य टीम विद्यालय में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंची, तो जांच के दौरान दिव्या की हृदय धड़कन अन्य बच्चों की तुलना में असामान्य पाई गई। आगे की जांच में हृदय में छेद होने की आशंका जताई गई। यह जानकारी मिलते ही दिव्या के माता-पिता चिंतित और भयभीत हो गए। इलाज, खर्च और बच्ची के भविष्य को लेकर उनके मन में कई सवाल उठने लगे।
चिरायु टीम के चिकित्सकों ने उन्हें समझाते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित चिरायु योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की गंभीर बीमारियों की जांच और उपचार पूर्णतः निःशुल्क किया जाता है। चिकित्सकों की बातों से माता-पिता को भरोसा मिला और उन्होंने उपचार के लिए सहमति दी।
इसके बाद चिरायु योजना के अंतर्गत दिव्या का हृदय ऑपरेशन 21 अक्टूबर 2025 को वी.वाय. हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के बाद दिव्या पूरी तरह स्वस्थ हो गई है और अब वह सामान्य बच्चों की तरह पढ़ाई, खेलकूद और दैनिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रही है।
दिव्या के पिता श्रवण कुमार खड़िया ने बेटी के सफल उपचार और स्वस्थ जीवन के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, चिरायु योजना और चिरायु टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यदि यह योजना न होती, तो गरीब परिवार के लिए इतना बड़ा इलाज संभव नहीं था।
यह कहानी न केवल दिव्या के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि चिरायु योजना वास्तव में जरूरतमंद बच्चों के लिए जीवनदान साबित हो रही है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






