छोटे दुकानदारों की रोज़ी-रोटी पर हमला बर्दाश्त नहीं : जयसिंह अग्रवाल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647 9817119303 948009
बालको प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस का निर्णायक हस्तक्षेप
कोरबा | बालको नगर क्षेत्र में वर्षों से आजीविका अर्जित कर रहे छोटे दुकानदारों एवं ठेले-गुमटी संचालकों के खिलाफ बालको प्रबंधन की कथित मनमानी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। पान ठेला, साइकिल रिपेयर, मोची, नाई, रजाई-गद्दा निर्माण, चाट, फल-सब्जी विक्रेता सहित दर्जनों प्रकार के छोटे व्यवसायियों ने छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा रखी।

ज्ञापन में बताया गया कि बालको प्रबंधन द्वारा इन दुकानदारों को उनके वर्षों पुराने व्यवसाय स्थल खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे सैकड़ों परिवारों की रोज़ी-रोटी पर सीधा संकट उत्पन्न हो गया है।
दुकानदारों ने बालको प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप भी लगाए, जिनमें शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य, बिना आवश्यक स्वीकृति के प्लांट विस्तार, पिछले 40–45 वर्षों से आम जनता द्वारा उपयोग की जा रही सार्वजनिक सड़कों को बंद करना, इंदिरा मार्केट क्षेत्र की सार्वजनिक नाली एवं ड्रेनेज व्यवस्था को अवरुद्ध करना तथा जी-9 परियोजना क्षेत्र में पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी करते हुए पेड़ों की कटाई शामिल है।

इन गंभीर मुद्दों को लेकर जयसिंह अग्रवाल बालको नगर पहुंचे और बड़ी संख्या में दुकानदारों, श्रमिकों एवं नागरिकों की उपस्थिति में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा—
“बालको प्रबंधन की यह कार्रवाई अमानवीय, गैरकानूनी और गरीब-विरोधी है। दशकों से मेहनत कर रोज़ी कमाने वाले लोगों को उजाड़ना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से इनके साथ खड़ी है।”

सभा के पश्चात श्री अग्रवाल ने जी-9 परियोजना स्थल, बालको नगर के दोंदरो साइड अंतिम छोर पर स्टॉप डैम के पास निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल तथा ऐश डाइक क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी, प्रक्रियागत विसंगतियाँ एवं संदिग्ध गतिविधियाँ सामने आईं।
उन्होंने पाया कि बेलगिरी नाला में ऐश डाइक का राखड़-युक्त पानी छोड़ा जा रहा है, जिसका उपयोग स्थानीय बस्तियों के लोग निस्तारी तथा पशु पीने के लिए करते हैं। इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्होंने कहा कि बिना वैधानिक अनुमति, पर्यावरणीय स्वीकृति एवं प्रशासनिक मंजूरी के कोई भी निर्माण कार्य स्वीकार्य नहीं है और जिला प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।
जयसिंह अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि छोटे दुकानदारों को जबरन हटाने या सार्वजनिक सुविधाओं से छेड़छाड़ की गई, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक जनआंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी उद्योग कानून से ऊपर नहीं है और विकास के नाम पर गरीबों की रोज़ी-रोटी नहीं छीनी जा सकती।
इस अवसर पर बालको चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष सुमेर डालमिया, प्रदेश सचिव बी.एन. सिंह एवं विकास सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान एवं नत्थूलाल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, सहित बालको नगर के पार्षदगण, लगभग 500 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता, छोटे दुकानदार एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि बालको नगर के आम नागरिकों, श्रमिकों एवं छोटे व्यवसायियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






