नशा मुक्त समाज की दिशा में कोरबा में व्यापक अभियान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
जेलों से लेकर बच्चों तक जागरूकता, ‘नशा भविष्य और समाज दोनों का नाश करता है’ का दिया गया संदेश
कोरबा | ACGN:- नशा मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में कोरबा जिले में प्रशासन, विधिक सेवा प्राधिकरण एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वित प्रयासों से व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) के अवसर पर जिले में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज के हर वर्ग को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा श्री संतोष शर्मा के मार्गदर्शन में दिनांक 5 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक नालसा (डॉन) – ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया स्कीम 2025 के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा के बैनर तले जिला जेल कोरबा एवं उपजेल कटघोरा में नशा मुक्ति अभियान संचालित किया गया।

इस दौरान बंदियों द्वारा रंगोली के माध्यम से नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले गंभीर मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को प्रभावी रूप से दर्शाया गया। रंगोली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “नशा भविष्य का नाश करता है, परिवार और समाज दोनों का सर्वनाश करता है।” साथ ही नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों को उचित चिकित्सा, मानसिक सहायता, परामर्श तथा न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जो विशेषकर युवाओं के जीवन को तेजी से बर्बाद कर रही है और इससे बाहर निकलना अत्यंत कठिन हो जाता है।

उपजेल कटघोरा में आयोजित कार्यक्रम में जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एफटीएससी (पॉक्सो) एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति कटघोरा श्रीमती श्रद्धा शुक्ला शर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, सहायक जेल अधीक्षिका कटघोरा उपस्थित रहीं। वहीं जिला जेल कोरबा में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सहायक जेल अधीक्षक एवं कर्मचारियों द्वारा बंदियों की रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

इसी क्रम में राज्य बाल संरक्षण समिति छत्तीसगढ़, महिला एवं बाल विकास विभाग, रायपुर के निर्देशानुसार नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बच्चों को ड्रग्स एवं अन्य स्वापक औषधियों के प्रयोग से दूर रखने हेतु जिला स्तर पर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर कोरबा के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में गठित जिला स्तरीय दल द्वारा दिनांक 01 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक शैक्षणिक संस्थानों, बाल देखरेख संस्थाओं, सार्वजनिक स्थलों एवं ऐसे चिन्हांकित क्षेत्रों में संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां बच्चों की उपस्थिति अधिक रहती है।

अभियान के दौरान देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले अथवा विपरीत परिस्थितियों में पाए जाने वाले बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही नशे से प्रभावित बच्चों के उपचार, पुनर्वास एवं संरक्षण की दिशा में समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के सभी प्रतिष्ठानों, दुकानदारों, गणमान्य नागरिकों, समाज प्रमुखों, सेवा प्रदाताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे बच्चों को नशे से बचाने, उनके संरक्षण एवं पुनर्वास में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि जिले को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






