चुनाव से पहले पुलिस का सख्त अलर्ट! लंबित मामलों से लेकर अपराधियों तक पर कसेगा शिकंजा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दुर्ग, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
एसएसपी विजय अग्रवाल ने ली जिले की क्राइम मीटिंग, संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, रात्रि गश्त बढ़ाने और साइबर ठगी सहित संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश।
दुर्ग ACGN:- आगामी नगर निगम चुनाव से पहले दुर्ग पुलिस ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में 2 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की क्राइम मीटिंग लेकर कामकाज की समीक्षा की। बैठक में चुनावी सुरक्षा, लंबित अपराधों, साइबर धोखाधड़ी, महिला संबंधी शिकायतों, संगठित अपराधों और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए।

संवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष निगरानी
आगामी नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील मतदान केंद्रों और क्षेत्रों की जानकारी जुटाकर आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नियमित भ्रमण और निगरानी बढ़ाने तथा जरूरत के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बॉन्ड ओवर की प्रक्रिया करने के निर्देश दिए गए। धर्मांतरण से संबंधित शिकायतों पर भी तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

चोरी, गृहभेदन और संगठित अपराधों पर नजर
बैठक में गृहभेदन, चोरी, धोखाधड़ी, जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों की समीक्षा की गई। अपराध संभावित स्थानों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखने और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। गंभीर अपराधों का राजपत्रित अधिकारियों द्वारा नियमित पर्यवेक्षण करने तथा मारपीट के मामलों में काउंटर अपराध दर्ज होने पर निष्पक्ष समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। दुर्घटना संबंधी मामलों में भी तत्काल वैधानिक कार्रवाई और विवेचना के निर्देश दिए गए।

लंबित मामलों पर समय-सीमा में कार्रवाई का दबाव
पुलिस अधिकारियों को 60 और 90 दिनों की वैधानिक समय-सीमा वाले प्रकरणों का निर्धारित अवधि में निराकरण करने तथा 140 दिनों से लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी लंबित वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली, न्यायालयीन पेशी में न्यायश्रुति ऐप का उपयोग और चालान में संबंधित व्यक्तियों के मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान अभिरक्षा में रखे गए कैदियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
साइबर ठगी और महिला शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई
NCRP पोर्टल पर वर्ष 2025 से लंबित शिकायतों और जुलाई 2026 तक प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। साइबर हेल्पलाइन और साइबर टिप के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में आवश्यकतानुसार ठगी की रकम होल्ड कराने की प्रक्रिया अपनाने पर जोर दिया गया। महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों के आधार पर आवश्यकतानुसार तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

जुआ-सट्टा और पटाखा कारोबार की होगी जांच
अवैध जुआ-सट्टा और संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने को कहा गया। पटाखा फैक्ट्रियों और स्थायी लाइसेंसधारी पटाखा विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण करने, अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

थानों के कामकाज और शिकायतों की होगी निगरानी
राजपत्रित अधिकारियों को थाना प्रभारियों और पुलिस उप निरीक्षकों के कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करने तथा थानों में लंबित शिकायतों और मामलों की समीक्षा कर जवाबदेही तय करने को कहा गया। थाना एवं पुलिस इकाइयों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने, डायल-112 का प्रभावी उपयोग करने और मर्ग, अपराध तथा अन्य लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि थाना स्तर पर आने वाली प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। सभी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए गए।
अब निर्देशों के पालन पर रहेगी नजर
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। संदिग्ध गतिविधियों, अवैध जुआ-सट्टा, साइबर धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा गया है।
क्राइम मीटिंग में जारी निर्देशों का वास्तविक असर अब थाना स्तर पर होने वाली कार्रवाई से सामने आएगा। खासकर लंबित मामलों के निराकरण, वारंटों की तामीली और साइबर अपराधों पर कार्रवाई की गति पर लोगों की नजर रहेगी।
प्रदीप मिश्रा [संपादक]
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
अपने क्षेत्र की आवाज बनने के लिए जुड़े हमारे साथ। छत्तीसगढ़ के सभी जिले, तहसील एवं ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































