सक्ती को 122 करोड़ की सौगात, 2 लाख परिवारों के घर में गृह प्रवेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सक्ती, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
पीएम आवास के गृह प्रवेश के साथ 3.65 लाख नए आवासों की घोषणा, सक्ती में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र; सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े 38 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
सक्ती ACGN:- छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने से लेकर गांवों की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं तक विकास की तस्वीर को एक साथ आगे बढ़ाने वाला बड़ा आयोजन शुक्रवार को सक्ती जिले के ग्राम जेठा में हुआ। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2 लाख नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। वहीं सक्ती जिले को लगभग 121 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत वाले 38 विकास कार्यों की सौगात भी मिली, जिसमें 23 कार्यों का भूमिपूजन और 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।


इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की बड़ी घोषणा की। इसके साथ ही नवगठित सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा की गई, जिससे क्षेत्र के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती, फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा। बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वे की समय-सीमा भी बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी गई है।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रदेश में प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि गरीब परिवारों को पक्की छत देने के साथ सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और आजीविका जैसी सुविधाओं का विस्तार भी लगातार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल गरीब परिवारों को मकान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, निःशुल्क राशन, स्वच्छ भारत मिशन के शौचालय और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से परिवारों के जीवन में व्यापक बदलाव लाने का प्रयास है। उनका कहना था कि छत्तीसगढ़ कृषि की दृष्टि से अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है और धान के साथ सब्जी उत्पादन तथा अन्य फसलों की दिशा में भी किसान आगे बढ़ रहे हैं। सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना इस बदलाव को और गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति देकर अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी थी। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास सर्वे-2011 और आवास प्लस सर्वे के लक्ष्यों को स्वीकृति मिल चुकी है तथा आवास प्लस-प्लस सर्वे में शामिल शेष पात्र परिवारों के लिए भी आवास स्वीकृत करने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया गया है। ऐसे में आने वाले समय में प्रदेश के और अधिक जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
ग्रामीण विकास के साथ महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर भी मुख्यमंत्री ने उपलब्धियां सामने रखीं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और बिहान के माध्यम से प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को लाभ मिल रहा है और अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है। बिजली बिल समाधान योजना के अंतर्गत भी 750 करोड़ रुपए से अधिक के बकाया बिजली बिल माफ किए जाने की जानकारी दी गई।

इसी कार्यक्रम में ग्रामीण विकास के कई नए अभियानों और नवाचारों की शुरुआत भी हुई। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन की शुरुआत की गई। ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान प्रारंभ किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नवीन इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन किया गया तथा ‘अथ उद्यमिता की ओर’ इन्क्यूबेशन प्रोग्राम के चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ हुआ। उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों, डीलर दीदियों और उल्लेखनीय कार्य करने वाली पंचायतों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का विचार सरकार के लिए मार्गदर्शक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं और सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। उन्होंने नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों तथा आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटे लोगों के आवास की चिंता करने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 2027 तक प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में बालिका शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के मुक्तिधाम शेड और जरूरी अधोसंरचना निर्माण पर भी काम किया जाएगा।
विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए पंचायतों में कराए जा रहे कार्यों पर बारकोड लगाने की व्यवस्था की जा रही है। नागरिक बारकोड स्कैन कर संबंधित विकास कार्य की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे सरकारी निर्माण कार्यों की निगरानी में आम लोगों की भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
वहीं ग्राम जेठा में आयोजित दूसरे प्रमुख कार्यक्रम में सक्ती जिले को 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक की लागत के 38 विकास कार्यों की सौगात मिली। इनमें लगभग 79 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत के 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा लगभग 42 करोड़ 46 लाख रुपए की लागत के 15 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलने की बात कही गई।
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में लगभग 25 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण तथा लगभग 15 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण शामिल है। इसके अलावा अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित कई सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन की आधारशिला रखी गई। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्य भी शामिल किए गए।
लोकार्पित कार्यों में लगभग 14 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से मालखरौदा क्षेत्र में कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क तथा लगभग 11 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण प्रमुख है। बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप, चन्द्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चन्द्रपुर और जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन तथा गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्यों को भी जनता को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपती कीर्तन चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, लखपति दीदियां, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिले के प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































