ऑपरेशन आघात में लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करी का भंडाफोड़
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
ओडिशा से लखनऊ ले जा रहे थे 4.108 किलो गांजा, महिला समेत दो गिरफ्तार; बोलेरो सहित 10 लाख की संपत्ति जब्त
रायगढ़ ACGN:- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.108 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार लैलूंगा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो में ओडिशा से गांजा लेकर तस्कर लैलूंगा और पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार वह वाहन की पायलटिंग कर रहा था और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मोटरसाइकिल से गिर गया। चोट लगने के कारण उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो की तलाश जारी रखी।
कुछ समय बाद पाकरगांव की ओर से लैलूंगा की तरफ सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक 26 BH 4095 B आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी केशव नगर, थाना मडियाव, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया। वाहन में मौजूद महिला ने अपना नाम ज्योति जाटव, उम्र 23 वर्ष, निवासी आलमनगर, थाना तालकटोरा, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ जाने की बात स्वीकार की।
महिला के बैग से मिला गांजा
पुलिस ने नियमानुसार दोनों संदिग्धों को नोटिस देकर वाहन एवं उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान महिला ज्योति जाटव के कब्जे में मिले काले रंग के पिट्ठू बैग से चार पैकेट में कुल 4.108 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई है।
वहीं, तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की बोलेरो वाहन क्रमांक 26 BH 4095 B को भी जब्त किया गया है। वाहन की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कार्रवाई में गांजा और वाहन सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
लैलूंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई प्रेम साय भगत, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, देव प्रसाद राठिया, आरक्षक शशिभूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमर साय भगत तथा महिला आरक्षक लीलावती एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार ऑपरेशन आघात के तहत जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे की तस्करी में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी नशे के अवैध कारोबार अथवा तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































