लीलगार नदी में डूब रहे दो युवकों की जान बचाई, एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
मोहन, महेश और करण केवट ने जान जोखिम में डालकर बचाई दो जिंदगियां
बिलासपुर ACGN:- मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी अंतर्गत मनाडेरा रोड पर लीलगार नदी में मोटरसाइकिल सहित गिरे दो युवकों की जान बचाकर तीन युवाओं ने मानवता और साहस की मिसाल पेश की। 20 अगस्त 2026 को नदी पार करते समय तेज बहाव में फंसे दोनों युवकों को मोहन लाल केवट, महेश केवट और आदित्य केवट उर्फ करण ने अपनी जान की परवाह किए बिना बचाया और सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनाडेरा निवासी मोहन लाल केवट, पिता पचूराम राम, उम्र 24 वर्ष अपने साथी महेश केवट, पिता रामप्रसाद केवट, निवासी मनाडेरा थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा तथा आदित्य केवट उर्फ करण निवासी मल्हार के साथ मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि दो युवक तेज बहाव वाली लीलगार नदी में मोटरसाइकिल सहित गिर गए हैं और डूबने की स्थिति में हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीनों युवकों ने तत्काल बिना समय गंवाए मदद के लिए कदम बढ़ाया। मोहन लाल केवट एवं उनके साथियों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए लकड़ी की सहायता से नदी में फंसे दोनों युवकों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। नदी में गिरे दोनों युवकों की पहचान गुड़ा टंडन, पिता मोतिया टंडन तथा दुर्गेश टंडन, पिता मोतिया टंडन, निवासी चकरबेड़ा, चौकी मल्हार के रूप में बताई गई है।
समय रहते किए गए इस साहसिक प्रयास से दोनों युवकों की जान बच गई। तेज बहाव के बीच बिना अपनी सुरक्षा की चिंता किए दूसरे लोगों की जिंदगी बचाने के लिए आगे आए मोहन लाल केवट, महेश केवट और आदित्य केवट की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
संकट की घड़ी में तीनों युवाओं द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय संवेदना समाज के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है। उनके इस कार्य से यह संदेश भी सामने आया है कि विपरीत परिस्थितियों में संयम, सूझबूझ और साहस के साथ किसी जरूरतमंद की मदद करने से अनमोल जिंदगी बचाई जा सकती है।

तीनों के इस सराहनीय कार्य को पुलिस विभाग ने भी सम्मान दिया। एसएसपी बिलासपुर रजनेश सिंह ने मोहन लाल केवट, महेश केवट एवं आदित्य केवट उर्फ करण को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके साहस, तत्परता और मानवतापूर्ण कार्य की सराहना करते हुए उनके प्रयास को अनुकरणीय बताया गया।
पुलिस विभाग की ओर से कहा गया कि संकट की स्थिति में बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की जान बचाने के लिए आगे आना समाज में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। ऐसे साहसिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना जरूरी है, ताकि अन्य लोग भी जरूरत के समय सहायता के लिए आगे आएं।
पुलिस विभाग द्वारा यह भी बताया गया कि ऐसे साहसी एवं सक्रिय लोगों को एसडीआरएफ टीम के माध्यम से आवश्यक प्रशिक्षण दिलाकर ‘जल मित्र’ के रूप में तैयार किया जाएगा। उन्हें आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि भविष्य में नदी या जलस्रोतों में होने वाली आपात स्थितियों में समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।
लीलगार नदी में दो युवकों को बचाने वाले मोहन लाल केवट, महेश केवट और आदित्य केवट उर्फ करण का यह साहसिक कार्य न केवल दो परिवारों के लिए राहत का कारण बना, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए मानवता, साहस और सामाजिक जिम्मेदारी की एक प्रेरणादायी मिसाल बन गया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































