हर घर नल-जल पर सख्त मुख्य सचिव, कलेक्टरों को व्यक्तिगत रुचि से काम करने के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
पूर्ण योजनाओं का होगा भौतिक सत्यापन, लंबित भुगतान शीघ्र करने के निर्देश; जल-जीवन मिशन में देरी पर जताई नाराजगी
रायपुर, 20 अगस्त 2026। जल-जीवन मिशन के तहत प्रदेश के प्रत्येक परिवार तक नल के माध्यम से नियमित पेयजल पहुंचाने को लेकर मुख्य सचिव श्री विकासशील ने कलेक्टरों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में उन्होंने जिलों में संचालित जल-जीवन मिशन की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा कि हर घर जल पहुंचाने के लिए वे व्यक्तिगत रुचि लेकर योजनाओं की लगातार निगरानी करें। जिन योजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उनका भौतिक सत्यापन कराया जाए और जिन योजनाओं को पंचायतों को हस्तांतरित किया जा चुका है, उनके लंबित भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जल-जीवन मिशन के कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं को केवल कागजों में पूर्ण दिखाने के बजाय मौके पर उनकी वास्तविक स्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं की भी हुई समीक्षा
कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं तथा क्रेडा से संबंधित नल-जल योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान की कार्यवाही तेजी से करने के निर्देश दिए गए। वहीं जल स्रोत से संबंधित समस्याओं वाली योजनाओं को स्थानीय निधि से पूरा कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
इंजीनियरों की कमी दूर करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने उन जिलों में, जहां जल-जीवन मिशन के लिए उप अभियंताओं की कमी है, वहां दूसरे विभागों के इंजीनियरों की सेवाएं लेकर कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित मासिक बैठक सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक बैठक की कार्यवाही समय पर विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने को भी कहा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल-जीवन मिशन की नियमित निगरानी के साथ स्पष्ट आकलन, बेहतर योजना और प्रभावी समन्वय के आधार पर कार्य किया जाए, ताकि प्रदेश के प्रत्येक परिवार को निर्धारित समय में नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
कम जल प्रदाय वाली योजनाओं पर भी नजर
बैठक में ऐसी योजनाओं की भी जानकारी ली गई, जहां 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन से कम मात्रा में सात दिनों से पेयजल प्रदाय किया जा रहा है। ऐसी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई पर जोर दिया गया।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव श्री अब्दुल कैसर हक सहित विभाग एवं जल-जीवन मिशन के अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला स्तरीय अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































